हिंदी
फतेहपुर जिले में बच्चा चोर की अफवाह के चलते ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़कर उसके हाथ बांध दिए और पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ में महिला खुद को कौशाम्बी की रहने वाली बता रही है।
बच्चा चोर के शक में महिला को बनाया बंधक
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में मंगलवार रात एक महिला को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि लोगों ने महिला के हाथ दुपट्टे से बांधकर उसे बैठा लिया और उससे नाम-पता पूछने लगे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और उसे अपने साथ ले गई। पुलिस के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा रोड स्थित बिसौली गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे के आसपास करीब 30 वर्ष की एक महिला इलाके में घूमती हुई दिखाई दी। महिला जींस और शर्ट पहने हुई थी और इधर-उधर घूम रही थी।
गांव के कुछ लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। धीरे-धीरे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर होने की आशंका जताते हुए पकड़ लिया। देखते ही देखते भीड़ बढ़ गई और लोगों ने महिला के हाथ दुपट्टे से बांध दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ग्रामीणों ने महिला से उसका नाम और पता पूछना शुरू किया, लेकिन वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही थी। इसी बात से लोगों का शक और बढ़ गया। इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी।
रुपये मांगना पड़ा भारी! गोरखपुर में युवक को घुटने में मारी गोली, इलाके में हड़कंप
मौके पर मौजूद ग्रामीण रामबरन और कमल ने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो कुछ लोग महिला को घेरकर बैठे थे और उसे बच्चा चोर बता रहे थे। गांव में इस बात को लेकर काफी हंगामा हो गया था।
घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाया और महिला को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में महिला को ई-रिक्शा में बैठाकर थाने ले जाया गया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की और भीड़ को समझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को शक के आधार पर खुद सजा देने की कोशिश न करें और ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।
यूपी में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, अगर किसी ने जमाखोरी की तो…सीएम योगी ने अधिकारियों को दिया अलर्ट
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान महिला खुद को कौशाम्बी जिले के सिराथू क्षेत्र का रहने वाला बता रही थी। उसने अपने पिता का नाम अनूप बताया, लेकिन वह अपना पूरा पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है। फिलहाल पुलिस उसके घर-परिवार का पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि मामले में किसी तरह की आपराधिक गतिविधि की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।