यूपी में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, अगर किसी ने जमाखोरी की तो…सीएम योगी ने अधिकारियों को दिया अलर्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्व-त्योहार, पुलिस भर्ती परीक्षा और राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई होगी।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 11 March 2026, 4:22 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में आने वाले पर्व-त्योहार, बड़ी धार्मिक भीड़ और पुलिस भर्ती परीक्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासनिक तैयारियों की सख्त समीक्षा की। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन अधिकारियों को सतर्क रहना होगा ताकि कहीं भी घबराहट या कृत्रिम संकट की स्थिति न बनने पाए। साथ ही उन्होंने जमाखोरी, कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

कानून-व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगामी पर्व-त्योहारों, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने हालिया वैश्विक परिस्थितियों के बीच पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में ईंधन की आपूर्ति और वितरण पूरी तरह सामान्य है। सीएम ने अधिकारियों से कहा कि कहीं भी घबराहट या कृत्रिम संकट की स्थिति नहीं बनने दी जानी चाहिए और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए।

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत अलर्ट, LPG सप्लाई को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, जानें क्या बोले पीएम मोदी?

जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाकर निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

नवरात्र और रामनवमी की तैयारियों पर जोर

चैत्र नवरात्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इनमें देवीपाटन मंदिर (बलरामपुर), शाकुंभरी देवी (सहारनपुर), मां विंध्यवासिनी धाम (मिर्जापुर) और ललिता देवी मंदिर (सीतापुर) प्रमुख हैं। इसके अलावा अयोध्या में 27 मार्च को श्रीरामनवमी के अवसर पर भारी भीड़ आने की संभावना है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन के लिए पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पुलिस को फुट पेट्रोलिंग और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना लागू करने के लिए कहा गया।

राष्ट्रपति के दौरे की भी तैयारी

बैठक में यह भी बताया गया कि 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अयोध्या और मथुरा आगमन प्रस्तावित है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने सभी प्रोटोकॉल व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, एडीजी (जोन), पुलिस आयुक्त, आईजी (रेंज), एसपी और शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

भाभी के गजब कारनामे: युवक से बोला- डार्लिंग! मेरे बेटे का बर्थडे है, घर आ जाओ; जब घर पहुंचा तो कर दिया कांड

21 मार्च तक का समय संवेदनशील

मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज के बाद 14 और 15 मार्च को सब-इंस्पेक्टर और समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद 20 और 21 मार्च को ईद-उल-फितर मनाए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह अवधि कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए पूरी सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति न दी जाए और समाज विरोधी या राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।

एसआई भर्ती परीक्षा में रहें पुख्ता इंतजाम

सीएम योगी ने एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के दूसरे जिलों से आने की संभावना है, इसलिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। इंटेलिजेंस तंत्र पूरी तरह सक्रिय रहे और सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी अफवाह का तुरंत खंडन किया जा सके। साथ ही हर परीक्षा केंद्र के बाहर पीआरवी-112 की अनिवार्य तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 11 March 2026, 4:22 AM IST

Advertisement
Advertisement