हिंदी
बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है। महिला ने बेटे के जन्मदिन का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया, उसका वीडियो बनाकर 1 लाख रुपये की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Symbolic Photo
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हनी ट्रैप का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने बेहद सुनियोजित तरीके से युवक को जाल में फंसाया। बेटे के जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर युवक को घर बुलाया गया और फिर कमरे में छिपाकर रखे मोबाइल से उसकी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई। बाद में उसी वीडियो के सहारे युवक को ब्लैकमेल करते हुए एक लाख रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
बर्थडे पार्टी के बहाने रचा गया जाल
यह मामला बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। पुलिस सूत्रों के अनुसार केंवतरा आवासपारा निवासी 33 वर्षीय नोहर कुमार सूर्यवंशी ट्रैक्टर चालक है और मजदूरी करके अपना जीवन यापन करता है। उसकी पहचान पास के गांव में रहने वाली एक महिला से थी।
बताया जा रहा है कि 1 फरवरी को महिला ने अपने बेटे का जन्मदिन होने की बात कहकर युवक को घर बुलाया। युवक जब वहां पहुंचा तो घर में पहले से ही एक अन्य महिला मौजूद थी, जिससे उसे किसी तरह का शक नहीं हुआ।
कमरे में भेजकर बनाया गया वीडियो
सूत्रों के मुताबिक आरोपी महिला ने पहले से ही पूरा प्लान तैयार कर रखा था। युवक और दूसरी महिला को एक कमरे में भेज दिया गया, जहां दोनों के बीच संबंध बने। इसी दौरान कमरे में छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन चालू कर दिया गया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया गया। कमरे में पर्दे लगाए गए थे और बिस्तर पर साफ चादर बिछाई गई थी ताकि युवक को किसी तरह का संदेह न हो और वह आराम से कमरे में समय बिता सके।
स्क्रीनशॉट भेजकर मांगे पैसे
घटना के बाद आरोपियों ने वीडियो से एक तस्वीर निकालकर युवक को भेजी और उससे एक लाख रुपये की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने आखिरकार पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद मामला सामने आया।
गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा अपने ही दफ्तर की जांच करने पहुंचे, फाइलों को देखकर जानें क्या कहा?
पुलिस जांच में जुटी
पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह ने बताया कि युवक की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे हनी ट्रैप में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लालच या झांसे में आने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।