हिंदी
एक ही परिवार के तीन समेत चार कांवड़िया पानी में समाए (Img: AI Generated Image)
Farrukhabad: पांचाल घाट पर सोमवार की भोर एक परिवार के लिए ऐसी खबर लेकर आई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। गंगा में स्नान करने उतरे चार कांवड़िए अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए। इनमें एक ही परिवार के तीन युवक शामिल हैं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस के साथ एनडीआरएफ व स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर जिले के नयागांव खुदागंज निवासी योगेश (17), उसके चाचा विकास (25), चचेरे चाचा कमल (23) और गांव के अर्जुन (17) समेत करीब दस लोग कांवड़ लेकर रविवार देर रात पांच बाइकों से पांचाल घाट पहुंचे थे। सभी सोमवार को गंगा से जल भरने की तैयारी में थे।
भोर करीब 4:30 बजे योगेश समेत चारों लोग पांचाल घाट के उत्तरी बंधा के पास स्नान करने पहुंचे। उनके कुछ साथी बाइकों के पास ही खड़े रहे, जबकि बाकी लोग गंगा में उतर गए।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी में कांवड़ियों को देखने गई पत्नी तो भड़का पति! लौटते ही बरसाए थप्पड़-लात, पिटाई का VIDEO वायरल
बताया गया कि योगेश, विकास, कमल और अर्जुन धीरे-धीरे गहरे पानी की तरफ जाने लगे। घाट पर मौजूद उनके साथियों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें आगे जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके। कुछ ही देर बाद चारों गहरे पानी में डूबने लगे। यह दृश्य देखते ही घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन चारों पानी में समा गए और उनका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ की टीम को भी तलाश अभियान में लगाया। गंगा का बहाव तेज होने के कारण दोपहर तक चारों युवकों का पता नहीं चल सका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी पांचाल घाट पहुंच गए। अपनों के लापता होने की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें- मैनपुरी में लाठी-डंडों की बरसात! कांवड़ियों के दो पक्ष भिड़े, मचा हड़कंप
योगेश हाईस्कूल का छात्र था और चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। विकास छह भाइयों में सबसे छोटा था और इंटरमीडिएट के बाद आईटीआई कर रहा था। कमल भी तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई गुड्डू और अवनीश हैं। परिजनों के मुताबिक गांव के कुछ युवक पानी-बताशे का ठेला भी लगाते हैं। इस यात्रा में गांव का विक्की भी उनके साथ आया था और वह भी स्नान कर रहा था।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि चारों की तलाश लगातार की जा रही है। प्रशासन की ओर से गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की सलाह दी जाती है।
Location : Farrukhabad
Published : 17 August 2026, 1:43 PM IST