हिंदी
फरेंदा में अवैध लकड़ी की तस्करी
Maharajganj: फरेंदा वन रेंज की टीम ने शनिवार सुबह अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदी एक पिकअप और एक ई-रिक्शा को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया,जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने दोनों वाहनों,लकड़ी और एक पंच को कब्जे में लेकर भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
डिप्टी रेंजर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल से अवैध रूप से काटी गई लकड़ी को पिकअप और ई-रिक्शा के माध्यम से एक आरा मशीन तक पहुंचाने की तैयारी में हैं।
वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी पर कसा शिकंजा
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने संभावित मार्गों पर घेराबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वन विभाग की गाड़ी को ओवरटेक कर भागने की कोशिश की, लेकिन वन कर्मियों की तत्परता के चलते दोनों वाहन पकड़ लिए गए।
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया,जबकि उसके तीन साथी फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में फरार साथियों के नाम अंकित यादव,अक्षय, लवकुश और सुशील साहनी बताए गए हैं। वन विभाग का दावा है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक पंच भी बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया है।
वन विभाग के अनुसार बरामद पिकअप का पंजीकरण संख्या यूपी-56 BT-3635 है। वाहन स्वामी की पहचान की जा रही है। साथ ही लकड़ी किस स्थान से काटी गई और इसे किस आरा मशीन तक ले जाया जा रहा था, इसकी भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की धारा 26 एवं 42 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है
कार्रवाई में डिप्टी रेंजर अरुण कुमार सिंह, वन दरोगा अनिल सिंह समेत फरेंदा वन रेंज की टीम शामिल रही। डिप्टी रेंजर ने कहा कि अवैध कटान और लकड़ी तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 1 August 2026, 10:31 PM IST
Topics : Farenda News forest department illegal timber smuggling Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) timber mafia