हिंदी
लखनऊ में STF ने अंतर्राज्यीय ड्रग्स गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 5 तस्करों को कोकीन, गांजा, अफीम और ऑर्गेनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। स्कूलों, नाइट क्लबों और पब तक फैले नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
आरोपी गिरफ्तार
Lucknow: रातों में चुपचाप फैल रहा नशे का जहर आखिरकार सामने आ गया। स्कूल के बच्चे, नाइट क्लब, पब, बार और हाई-प्रोफाइल सोसाइटी… सब कुछ इस ड्रग्स नेटवर्क की जद में था। राजधानी में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का STF उत्तर प्रदेश ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चारबाग रेलवे स्टेशन के पास से STF ने कोकीन, गांजा, अफीम और ऑर्गेनिक गांजा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
5 फरवरी की रात करीब 10 बजे STF लखनऊ की टीम ने चारबाग रेलवे स्टेशन के पास वाली गली में घेराबंदी कर गिरोह के पांच सदस्यों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से 17 ग्राम कोकीन, 2 किलो गांजा, 1.5 किलो अफीम और 200 ग्राम ऑर्गेनिक गांजा बरामद हुआ। साथ ही 8 हजार रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक दीपक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजकुमार उर्फ चीका और राजकुमार दिल्ली से अवैध मादक पदार्थ लेकर लखनऊ आते थे। यहां यश श्रीवास्तव और प्रभजीत सिंह के जरिए इनकी सप्लाई स्कूलों, कॉलेजों, नाइट क्लब, पब, बार और हाई-प्रोफाइल इलाकों में होती थी। गिरोह का तरीका बेहद शातिर था। स्कूल के बच्चों को टारगेट किया जाता था क्योंकि उन्हें आसानी से डराया जा सकता था और पुलिस तक बात पहुंचने का खतरा कम रहता था।
गिरोह आधा-आधा ग्राम करके कोकीन बेचता था ताकि किसी बच्चे की तबीयत खराब न हो और मामला बाहर न आए। 8 से 10 हजार रुपये प्रति ग्राम की कीमत पर ड्रग्स बेचे जाते थे। इनके तयशुदा मिलने के स्थान, ड्रेस कोड और कस्टमर लिस्ट तक थी। मोबाइल मैसेज के जरिए ऑर्डर लिया जाता था और माल पहुंचाया जाता था। यह नेटवर्क पिछले करीब तीन साल से सक्रिय था।
गिरोह नाइट क्लब, पब और बार में बाउंसर, वेटर और बिल्डिंग स्टाफ के जरिए ड्रग्स की सप्लाई कराता था क्योंकि इनकी चेकिंग नहीं होती थी। समिट बिल्डिंग, DLF माईपैड जैसे इलाकों में भी नियमित सप्लाई की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना हुसैनगंज, कमिश्नरेट लखनऊ में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है। STF की यह कार्रवाई राजधानी में नशे के पूरे नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।