हिंदी
Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा आयोजित संविधान संवाद महापंचायत कार्यक्रम के दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह पर तीखा हमला बोला था। मंच से संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा था कि राजेश्वर सिंह देश और प्रदेश को लूटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में रहते हुए भी यह लूट-खसोट जारी थी। इस बयान के बाद भाजपा खेमे में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और मामले ने तूल पकड़ लिया।
अजय राय के बयान के बाद भाजपा नेता शिवशंकर सिंह उर्फ शंकरी ने सरोजनी नगर थाने में तहरीर दी। शिकायत में बताया गया कि 1 फरवरी 2026 को गौरी-बिजनौर रोड स्थित नटकुर तिराहा पर आयोजित राजनीतिक सभा में अजय राय ने असत्य, मानहानिकारक और समाज को भड़काने वाला बयान दिया। तहरीर के अनुसार, विधायक पर देश और लखनऊ को लूटने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए, जो पूरी तरह तथ्यहीन और निराधार हैं। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मानहानि, जानबूझकर भड़काऊ भाषण देने और अपमानित करने से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अजय राय के भाषण को योजनाबद्ध तरीके से रिकॉर्ड किया गया और फेसबुक पर रुद्रदमन सिंह नामक अकाउंट से अपलोड किया गया। यह वीडियो अब तक 25 हजार से अधिक बार देखा जा चुका है। भाजपा नेता का आरोप है कि इस वीडियो के व्यापक प्रसार से लोक शांति भंग होने, राजनीतिक तनाव बढ़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। साथ ही भाषण देने, उसे रिकॉर्ड करने और वायरल करने वालों के बीच आपराधिक साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया है।
इस पूरे मामले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने कानपुर रोड पर विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का पुतला भी फूंका। वहीं, कांग्रेस खेमे में इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया जा रहा है। FIR दर्ज होने के बाद अब सभी की नजरें पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी हैं, जबकि प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होता दिख रहा है।
Location : Lucknow
Published : 6 February 2026, 12:19 PM IST
Topics : fir Lucknow News Political News up hindi news UP News