हिंदी
गिरफ्तार आरोपी
देवरिया में एक मामूली विवाद ने खूनी वारदात का रूप ले लिया था। हनुमान मंदिर के पास हुए चाकूबाजी कांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए भटनी थाना पुलिस ने आरोपी को चांदपार अंडरपास के पास से दबोच लिया और उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर जिले में अपराधियों और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में भटनी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलखुश पुत्र काशी प्रसाद निवासी हतवा वार्ड नंबर-1, कस्बा भटनी, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 18 साल बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 4 अगस्त की रात करीब 9 बजे का है। भटनी थाना क्षेत्र के रहने वाले रंजीत बासफोर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा हतवा स्थित हनुमान मंदिर गया था। इसी दौरान दिलखुश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दिलखुश ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में दर्ज धाराओं में बदलाव किया है। आरोपी के खिलाफ धारा बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू बरामद किया है।
भटनी थाना प्रभारी पंकज गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश दूबे समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 6 August 2026, 11:08 PM IST