हिंदी
रेलवे ट्रैक पर पिता-पुत्र की मौत
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के रहने वाले पिता-पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई। मृतकों की पहचान श्रवण जायसवाल (55 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शिव नारायण जायसवाल और उनके पुत्र राकेश जायसवाल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पिता-पुत्र घर से कपड़ा खरीदने के लिए चौरी-चौरा जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि जील मोटेल के पीछे स्थित रेलवे ट्रैक के पास दोनों पहुंच गए थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। जांच अधिकारी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रहे हैं।
घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला महज रेल हादसे का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सतेन्द्र राय ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की अचानक मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 20 June 2026, 4:10 PM IST