हिंदी
टुल्लू पंप में करंट उतरने से महिला की मौत (डाइनामाइट न्यूज)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा झरना कुटी में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे टुल्लू पंप में कथित विद्युत प्रवाह आने से 26 वर्षीय कहकशा खातून की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं, महिला को बचाने पहुंचे उसके पति और बहन भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों का इलाज महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार करीब 12 बजे कहकशा खातून घर में लगे टुल्लू पंप को चालू करने गई थीं। इसी दौरान पंप में अचानक करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गईं।
महिला को करंट की चपेट में देखकर उसके पति फिरोज अंसारी और बहन नेहा उसे बचाने के लिए दौड़े। इस दौरान दोनों भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने कहकशा खातून को मृत घोषित कर दिया। वहीं, फिरोज अंसारी और नेहा का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर भटनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में विद्युत रिसाव को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद झरना कुटी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर दुख और संवेदना व्यक्त की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 3 July 2026, 8:25 PM IST