हिंदी
Gorakhpur: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर जनपद गोरखपुर में “मिशन-शक्ति फेज-5.0” के तहत एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। 28 दिसंबर को सभी थानों द्वारा एक साथ “बहू-बेटी सम्मेलन” आयोजित किया गया। जिसमें चौपालों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं और छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद गोरखपुर के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में आयोजित इस अभियान का मुख्य मकसद महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा, सम्मान की भावना, स्वावलंबन की सोच और सशक्तिकरण का वातावरण तैयार करना था। सम्मेलन में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, किशोरियां, छात्राएं और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही महिला और बालिकाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों जैसे दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों को सरल भाषा में समझाया गया। अधिकारियों ने महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपात सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे नंबरों की जानकारी भी दी।
सम्मेलन के दौरान जागरूकता पंपलेट का वितरण कर महिलाओं को लिखित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से खुलकर संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। कई स्थानों पर महिलाओं ने घरेलू विवाद, साइबर ठगी और सामाजिक कुरीतियों से जुड़ी समस्याएं साझा कीं। अधिकारियों ने संबंधित थानों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बहू-बेटी सम्मेलन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि सुरक्षित और सशक्त महिला ही सशक्त समाज की नींव होती है। गोरखपुर में आयोजित यह अभियान महिलाओं में विश्वास और आत्मबल बढ़ाने के लिए एक मजबूत कदम साबित हुआ। स्थानीय महिलाओं और किशोरियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया।
Location : Gorakhpur
Published : 29 December 2025, 4:03 AM IST