गोरखपुर में दोस्ती बनी दुश्मनी: घर से बुलाकर ले गए युवक की गोली मारकर हत्या, आक्रोश में सड़क जाम

गोरखपुर के तेनुहिया गांव में दोस्तों ने 22 वर्षीय युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने दो नामजद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Gorakhpur: गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुहिया गांव में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां दोस्तों ने ही एक युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण निषाद के रूप में हुई है, जो अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालते हुए पेंट पालिश का काम करता था।

बहाना बनाकर ले गया था दोस्त

परिजनों के अनुसार रविवार करीब चार बजे विशाल नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ अरुण के घर पहुंचा और उसे किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर साथ ले गया। बताया जा रहा है कि कुछ दूरी पर स्थित मैदान में पहुंचने के बाद पहले कहासुनी हुई और फिर पुराने विवाद को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने अरुण पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे वहां अफरातफरी मच गई।

Gorakhnath Temple: पासपोर्ट विवाद में युवक का ताबड़तोड़ हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अरुण दो भाइयों में बड़ा था और उसके ऊपर पूरे परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी थी, जिससे यह घटना परिवार के लिए गहरा सदमा बन गई है।

गुस्साए परिजनों ने किया सड़क जाम

उधर, युवक की मौत से गुस्साए परिजन और ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के सामने गोरखपुर-महराजगंज मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्हें केवल न्याय चाहिए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए जाम समाप्त कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, पुलिस अधीक्षक उत्तरी और अन्य अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव व मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

Gorakhpur News: मंदिर परिसर में चेकिंग के दौरान विवाद; युवक की हरकत से फैली अफवाहें, पढ़ें पूरी खबर

हत्या का मामला दर्ज

मृतक के पिता की तहरीर पर दो नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 16 February 2026, 8:26 AM IST

Advertisement
Advertisement