हिंदी
अखिलेश यादव (Img : Google)
Kanpur News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। सपा मुखिया की बेटी के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की गई टिप्पणी को लेकर पार्टी नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है। इसी क्रम में सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव एडवोकेट ने तीन लोगों के खिलाफ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार 9 जून को सोशल मीडिया पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी को लेकर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की गई थी। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में नाराजगी फैल गई। पार्टी नेताओं का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल व्यक्तिगत मर्यादाओं का उल्लंघन हैं, बल्कि राजनीतिक दुर्भावना से भी प्रेरित हैं।
सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव एडवोकेट ने साइबर थाने में तहरीर देकर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव को नामजद किया गया है। हालांकि आरोपियों के पते अभी स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस उनकी पहचान व लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
UP चुनाव पर बड़ा सियासी मंथन: दिल्ली में राहुल गांधी और अखिलेश यादव की बैठक, सीटों पर चर्चा तेज
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मुख्य टिप्पणी भरत कुमार पटेल की ओर से की गई थी, जबकि अन्य दो आरोपियों ने उस पोस्ट पर अभद्र टिप्पणियां कर उसे आगे बढ़ाने का काम किया। उनका कहना है कि इस प्रकार की पोस्ट से सपा मुखिया और उनके परिवार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
साइबर थाना प्रभारी सतीश यादव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 12 June 2026, 5:52 AM IST