हिंदी
किन्नरों का प्रदर्शन (Img : Google)
Baghpat : खेकड़ा कस्बे में किन्नरों के बीच बढ़ते विवाद ने अब कानून-व्यवस्था का मुद्दा खड़ा कर दिया है। सुरक्षा को लेकर भय और लगातार हो रही कथित मारपीट की घटनाओं से परेशान किन्नर समुदाय के लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। किन्नरों ने आरोप लगाया कि गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से आने वाले कुछ किन्नर उनके इलाके में हस्तक्षेप कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट व धमकी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
गुरुवार को खेकड़ा कस्बे के कई किन्नर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि बाहरी क्षेत्र से आने वाले कुछ किन्नर लगातार उनके कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप कर रहे हैं। इससे उनके बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है और कई बार विवाद भी हो चुका है।
किन्नर मीनाक्षी ने बताया कि जब वे अपने क्षेत्र में हस्तक्षेप का विरोध करते हैं तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दिन पहले भी लोनी से आए कुछ किन्नरों ने उनके साथ मारपीट की, अपशब्द कहे और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस घटना में कुछ किन्नरों को चोटें भी आई हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी कई बार इस तरह के विवाद सामने आ चुके हैं।
बागपत दोहरा हत्याकांड : कौन है खतरनाक हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी? 19 मुकदमों और…
प्रदर्शन कर रहे किन्नरों का कहना है कि वे वर्षों से खेकड़ा क्षेत्र में रहकर अपना जीवनयापन कर रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से बाहरी क्षेत्र से आने वाले लोगों के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
किन्नरों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं जिलाधिकारी अस्मितलाल ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Location : Baghpat
Published : 12 June 2026, 6:50 AM IST