हिंदी
हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी (Img : Google)
Baghpat : जिले के बड़ौत में दिनदहाड़े हुए टेंट कारोबारी और उनके बेटे की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में हिस्ट्रीशीटर वरुण उर्फ वरुण लुहारी का नाम सामने आया है। यह एक बार फिर पुलिस रिकॉर्ड और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल छोड़ गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वरुण लुहारी बड़ौत कोतवाली का दर्ज हिस्ट्रीशीटर है। जिसके खिलाफ कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, बलवा, मारपीट, रंगदारी और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। वह लंबे समय से पुलिस निगरानी में रहा है। बावजूद इसके उसकी आपराधिक गतिविधियां लगातार जारी रहने के आरोप लगते रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वरुण के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में सबसे ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा हरियाणा के सोनीपत जिले में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ आईपीसी की कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई हो चुकी है। जिसमें गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, वरुण लुहारी अपने साथियों के साथ टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल की दुकान पर पहुंचा और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हुए हैं। घटना के दौरान हमलावरों में से एक के घायल होने की भी सूचना है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि 19 मुकदमों का आरोपी और हिस्ट्रीशीटर होने के बावजूद वरुण लुहारी खुलेआम कैसे घूम रहा था और पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर इतनी बड़ी वारदात को कैसे अंजाम दे दिया गया।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे जाम कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Baghpat
Published : 10 June 2026, 4:43 AM IST