‘राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सच बोल दिया तो फंस जाऊंगा’, बृजभूषण बोले- बहुत बड़े लोग शामिल हैं

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के दावों के बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर वह सच बोल देंगे तो परेशानी में पड़ जाएंगे, क्योंकि मामले में बहुत बड़े लोग शामिल हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 June 2026, 7:09 AM IST
google-preferred

Ayodhya : राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर उठे विवाद के बीच भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान सियासी गलियारों में नई हलचल पैदा कर गया है। गोंडा में मीडिया से बातचीत करते हुए बृजभूषण ने बिना किसी का नाम लिए दावा किया कि वह पूरे मामले का सच जानते हैं। उसे सार्वजनिक करने की हिम्मत अभी नहीं जुटा पा रहे।

बोले- सच बोलने की हिम्मत अभी नहीं

गोंडा स्थित अपने गांव विश्नोहरपुर में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, "मैं बहुत कमजोर आदमी हूं। अगर मैं सच बोल दूंगा तो बहुत परेशानी में पड़ जाऊंगा। क्योंकि वे बहुत बड़े लोग हैं। सच बोलने की हिम्मत अभी हमारे अंदर नहीं है। कभी समय आएगा तो बोलेंगे।"

उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब राम मंदिर में चढ़ावे और मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न स्तरों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि बृजभूषण ने किसी व्यक्ति या संस्था का नाम नहीं लिया।

चंपत राय को हटाने की मांग पर साधी चुप्पी

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को हटाने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण ने खुद को इस विवाद से अलग बताया। उन्होंने कहा कि यह उनका विषय नहीं है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।

तुलसीदास की चौपाई का किया जिक्र

अपने बयान के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने गोस्वामी तुलसीदास की प्रसिद्ध चौपाई "जिमि दसनन महुं जीभ बिचारी, सुनहु पवनसुत रहनि हमारी" का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह चौपाई विभीषण ने हनुमान जी से कही थी और वर्तमान परिस्थितियों में उनकी स्थिति भी कुछ ऐसी ही है।

आस्था से चमकी अयोध्या की अर्थव्यवस्था: ढाई साल में 12 करोड़ भक्तों ने किए दर्शन, चढ़ावा 3,000 करोड़ पार!

महिला पहलवानों के आरोपों पर भी बोले

दिल्ली में लंबे समय तक रहने के सवाल पर बृजभूषण ने कहा कि वर्ष 2023 में महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद जो विवाद खड़ा हुआ था। उसे सुलझाने और फैले हुए रायते को समेटने में वह लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों इसी वजह से दिल्ली में रहना पड़ा।

नीट पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान का बचाव

नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर भी बृजभूषण ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी मंत्री के इस्तीफा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। पेपर लीक के पीछे एक पूरा सिस्टम काम करता है और जब तक अधिकारियों व कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी। तब तक ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर बृजभूषण ने कहा कि उनकी बातों को लोग गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। उनके अनुसार जब तक विपक्ष गंभीर राजनीति नहीं करेगा, तब तक भाजपा के सामने कोई बड़ी चुनौती खड़ी नहीं होगी।

बयान से बढ़ी राजनीतिक हलचल

राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर चल रहे विवाद के बीच बृजभूषण शरण सिंह का यह बयान राजनीतिक और धार्मिक दोनों हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन बड़े लोगों और सच बोलने पर परेशानी वाली टिप्पणी ने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Ayodhya

Published :  11 June 2026, 7:09 AM IST

Related News

Advertisement