हिंदी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Balrampur: वर्चुअल दुनिया में पनपने वाला हर रिश्ता वफादारी की गारंटी नहीं होता, कभी-कभी यह जिंदगी भर की कमाई को पलक झपकते ही स्वाहा करने वाला एक सुनियोजित जाल भी हो सकता है। कुछ ऐसा ही सनसनीखेज मामला उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले से सामने आया है, जहां एक सरकारी अफसर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिले प्यार के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई गंवा बैठे।
जिले में मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत दीपांशु नाम के अधिकारी के साथ शादी का सपना दिखाकर लाखों रुपये की वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया है।
इस पूरी कहानी की पटकथा जून 2024 में तब शुरू हुई, जब पीड़ित अधिकारी की मुलाकात एक मशहूर डेटिंग एप्लीकेशन के जरिए हरदोई की रहने वाली एक युवती से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे मुलाकातों और फिर गहरी नजदीकियों में बदल गया।
युवती ने अधिकारी को अपने प्रेम जाल में इस कदर बांधा कि जल्द ही दोनों ने साथ जिंदगी बिताने यानी शादी का फैसला कर लिया। लेकिन इस सुनहरे वादे के पीछे एक सोची-समझी साजिश छिपी थी।
मथुरा में सनसनी: बकरियां चराती किशोरी के साथ हुआ ऐसा कि गांव में मच गया हड़कंप
सहानुभूति बटोरने और इमोशनल ब्लैकमेलिंग का खेल खेलते हुए युवती ने अपने घर की खस्ता माली हालत और तरह-तरह की पारिवारिक दिक्कतों का रोना रोया। अपने होने वाले जीवनसाथी की मदद के नाम पर अधिकारी भावुक हो गए और उन्होंने एक-एक करके अलग-अलग किश्तों में कुल 25.13 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम युवती को सौंप दी।
शिकायत के मुताबिक, इस मोटी रकम का इस्तेमाल कोई घर चलाने के लिए नहीं, बल्कि ऐशो-आराम और संपत्ति जुटाने के लिए किया गया। अधिकारी से ऐठे गए पैसों से मोबाइल फोन, कीमती गहने खरीदे गए, बीमा पॉलिसियों का प्रीमियम भरा गया, गाड़ी की किश्तें चुकाई गईं और इतना ही नहीं, लखनऊ जैसे बड़े शहर में एक प्लॉट भी बुक करा लिया गया।
हैरानी की बात तो तब हुई जब पैसे की जरूरतें पूरी होने और प्लॉट हाथ में आने के बाद युवती के सुर पूरी तरह बदल गए। शादी का दबाव बनाने पर उसने न सिर्फ साफ इंकार कर दिया, बल्कि अधिकारी से अपने सारे संपर्क भी तोड़ लिए। जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे और इस धोखे पर आपत्ति जताई, तो युवती और उसके पूरे कुनबे ने मिलकर अधिकारी को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने, सरकारी नौकरी गवाने और करियर बर्बाद करने की धमकियां दी गईं। साजिश को मुकम्मल करने के लिए युवती ने अधिकारी का फोन छीनकर उसमें मौजूद सभी महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत और डेटा भी मिटा दिए।
अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में कानून का डंडा चला है। नगर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवती, उसकी मां, भाई, बहन समेत कुल सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी देने जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, मामले की तफ्तीश सरगर्मी से शुरू कर दी गई है।
वहीं, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने इस पूरे केस की कमान सीओ सिटी ज्योतिश्री को सौंपी है। उच्च अधिकारियों का साफ कहना है कि डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है और विवेचना पूरी होते ही दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Location : Balrampur
Published : 10 June 2026, 5:40 PM IST