हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Deoria: देवरिया पुलिस को चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मां-बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राघवनगर निवासी संदीप गुप्ता उर्फ बुलबुल (20 वर्ष), अंकित गुप्ता (18 वर्ष) तथा उसकी मां पूनम गुप्ता (40 वर्ष) शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से 10 सोने के कंगन, 3 हार, 5 जोड़ी झुमके, 2 माथा टीका, 1 नथ, 3 अंगूठियां, 1 चेन सहित अन्य सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कोतवाली क्षेत्र के भुजौली कॉलोनी, सोंदा तथा बरारी उर्फ मछरीगांव में बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। चोरी के बाद नकदी और आभूषणों का आपस में बंटवारा कर लिया जाता था तथा सामान बेचकर प्राप्त धनराशि को मौज-मस्ती में खर्च किया जाता था।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने मदनपुर, भलुअनी और महुआडीह थाना क्षेत्रों में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी किए गए कुछ सामान को राहगीरों को कम कीमत पर बेच दिया गया था।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से जिले में हाल के दिनों में हुई कई चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास तथा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Location : Deoria
Published : 10 June 2026, 5:21 PM IST
Topics : crime news Deoria Police Action Theft gang