हिंदी
तीन गिरफ्तार आरोपी
Maharajganj : भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के एक शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े तीन युवकों ने पूछताछ में ऐसे खुलासे किए। जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और 10,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी कर उन्हें नेपाल में बेच देते थे और उसी रकम से अपना नेटवर्क संचालित करते थे।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:40 बजे सोनौली पुलिस कस्बे में एसबीआई बैंक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और जब वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई तो मामला चोरी का निकला। तलाशी के दौरान उनके पास से 10,200 रुपये नकद भी बरामद हुए। जिसके बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया।
आवास योजना में बड़ा सस्पेंस: महराजगंज में 94 हजार परिवारों की जांच, पात्रता सूची पर टिकी निगाहें
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे और बाद में उन्हें नेपाल में बेच देते थे। बरामद नकदी भी चोरी की मोटरसाइकिलों की बिक्री से हासिल की गई थी। आरोपियों ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार बरामद एचएफ डीलक्स बाइक थाना पनियरा क्षेत्र से और यामाहा आर-15 थाना भिटौली क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अलावा आरोपियों ने थाना घुघली क्षेत्र से एक हीरो एचएफ डीलक्स और थाना परसामलिक क्षेत्र से एक बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचने की बात भी स्वीकार की है। इन खुलासों के बाद पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल दुसाद, जितेंद्र कुमार और दुर्गेश दुसाद निवासी थाना पनियरा क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। सीमा क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरी नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच लगातार जारी है।
Location : Maharajganj
Published : 12 June 2026, 1:22 AM IST