बीएल वर्मा ने रखी विकास की नींव, बदायूं में 24 करोड़ के मॉडल स्कूल का शुभारंभ

बदायूं के दातागंज क्षेत्र में 24 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपॉजिट विद्यालय का निर्माण होगा। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और विधायक राजीव सिंह ने भूमि पूजन कर विकास कार्य की शुरुआत की। विद्यालय बनने से ग्रामीण बच्चों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 11 June 2026, 11:19 PM IST
google-preferred

Budaun : जिले के दातागंज क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। विकास खंड म्याऊ के ग्राम कोड़ा जयकरन में करीब 24 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मुख्यमंत्री मॉडल कंपॉजिट विद्यालय का भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और दातागंज विधायक राजीव सिंह बब्बू भैया ने शामिल होकर विद्यालय निर्माण की आधारशिला रखी।

ग्रामीण बच्चों को मिलेगी आधुनिक शिक्षा की सुविधा

मुख्यमंत्री मॉडल कंपॉजिट विद्यालय के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से तैयार होने वाला यह विद्यालय बच्चों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनके भविष्य को नई दिशा देने का काम करेगा। क्षेत्र के लोगों ने इस परियोजना को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया है।

अब SSP ऑफिस के चक्कर खत्म! बदायूं पुलिस का नया सिस्टम सुनकर हर फरियादी कहेगा- काश ये पहले होता

सरकार की योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है और शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।

क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक ने दिलाया भरोसा

वहीं दातागंज विधायक राजीव सिंह बब्बू भैया ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गौशाला समेत कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। विधायक ने जनता को भरोसा दिलाया कि बिना किसी भेदभाव के क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

शिक्षा के साथ बदलेगी ग्रामीण क्षेत्र की तस्वीर

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस विद्यालय के बनने से ग्रामीण इलाकों में शिक्षा का स्तर और बेहतर होगा। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सकेगा।

Location :  Budaun

Published :  11 June 2026, 11:11 PM IST

Advertisement