हिंदी
प्रतिकात्मक फोटो (IMG: Pinterest)
Meerut: पॉश कॉलोनी में न्यायिक अधिकारी के आवास पर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला शातिर बदमाश आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। खास बात यह रही कि आरोपी की पहचान किसी बड़े सबूत से नहीं, बल्कि घर में छूटी उसकी एक चप्पल से हुई। बदमाश ने आवास में घुसकर करीब एक घंटे तक चोरी की और सरकारी टैबलेट लेकर फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते अपनी पहचान का सुराग छोड़ गया।
घटना शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। आरोपी ने पहले न्यायिक अधिकारी के आवास की पूरी रेकी की थी। इसके बाद मौका देखकर वह पीछे की दीवार फांदकर कॉलोनी में दाखिल हुआ। बदमाश ने घर के पीछे लगी ग्रिल को आरी से काटा और फिर मुख्य गेट का ताला ईंट से तोड़ दिया। इसके बाद वह घर के अंदर पहुंचा और करीब एक घंटे तक वहां मौजूद रहा। चोरी करने के बाद आरोपी ने एक पॉलीथिन में सरकारी टैबलेट रखा और कॉलोनी के मुख्य गेट से बाहर निकल गया। हालांकि जल्दबाजी में वह घर के अंदर अपनी चप्पल छोड़ गया।
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक हाथ में पॉलीथिन लेकर जाते हुए दिखाई दिया। जांच के दौरान पुलिस को घर के अंदर मिली चप्पल सबसे अहम सुराग साबित हुई। पुलिस ने CCTV में आरोपी को जिस रास्ते से जाते देखा, वहां से उसकी तलाश शुरू की। पता चला कि आरोपी जाते समय घर के अंदर से दूसरे जूते पहन गया था और अपनी चप्पल वहीं छोड़ गया था। चप्पल के नंबर और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस लालकुर्ती इलाके में रहने वाले अमित कुमार तक पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार अकेले ही पॉश कॉलोनियों को निशाना बनाता था। वह पहले घूम-घूमकर घरों की रेकी करता था और दो दिन बाद दोबारा जाकर देखता था कि मकान खाली है या नहीं। अगर घर बंद मिलता था तो वह चोरी की वारदात को अंजाम देता था। डिफेंस कॉलोनी में भी उसने चोरी से पहले दो दिन तक आवास की निगरानी की थी। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया गया सरकारी टैबलेट भी बरामद कर लिया है।
बताया गया कि न्यायिक अधिकारी 16 सितंबर को एक रिश्तेदार की मौत के बाद लखनऊ गए थे। इसी वजह से उनका आवास बंद था। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को वापस लौटेंगे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने यह भी देखा था कि दोपहर के समय होमगार्ड और निजी कर्मचारी अक्सर वहां मौजूद नहीं रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
कॉलोनी के मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात थे, लेकिन आरोपी को बाहर निकलते समय किसी ने नहीं रोका। CCTV में अमित हाथ में पॉलीथिन लेकर पैदल जाता हुआ दिखाई दिया।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इससे पहले भी किन इलाकों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
Location : Meerut
Published : 20 September 2026, 1:11 PM IST
Topics : crime news meerut news meerut police up crime UP News