हिंदी
जाली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में जाली नोट बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पुलिस को 100 रुपये के 55 जाली नोट और 452 अर्धनिर्मित नोट बरामद हुए हैं। इसके अलावा जाली नोट छापने में इस्तेमाल किए जा रहे प्रिंटर, लैपटॉप और अन्य उपकरण भी मौके से जब्त किए गए हैं।यह पूरा अवैध कारोबार मानस नगर गेट के पास एक मकान में संचालित किया जा रहा था। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से 1300 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। साथ ही जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जाली नोट छापने की तकनीक YouTube और Google के जरिए सीखी थी, जबकि गिरोह से उसका संपर्क Instagram के माध्यम से हुआ था। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम द्वारा आलमपुर अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग की जा रही थी कि इसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गई कि मानसनगर गेट के पास स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर एक व्यक्ति द्वारा जाली नोट बनाए जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताए गए मकान के पास पहुंचकर पुलिस टीम द्वारा पहली मंजिल पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान कमरे में मौजूद व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, किन्तु पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए दोनों व्यक्तियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
Location : Chandauli
Published : 23 March 2026, 8:35 PM IST
Topics : crime news Currency Racket Latest News UP News