हिंदी
सांसद इकरा हसन
Lucknow: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अपने व्यवहार को लेकर विवादों में घिर गए हैं। पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक मुस्लिम महिला का हिजाब खींच दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद न सिर्फ विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री पर हमला बोला है, बल्कि महिला सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह घटना पटना में आयोजित उस कार्यक्रम की है, जहां आयुष चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे थे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब एक महिला डॉक्टर मंच पर नियुक्ति पत्र लेने पहुंचती है, तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक उसका हिजाब नीचे की ओर खींच देते हैं। महिला असहज नजर आती है, लेकिन मंच पर मौजूद होने के कारण वह कुछ कह नहीं पाती।
हिजाब विवाद से मची सियासी हलचल: नीतीश कुमार का वीडियो वायरल, जानिए पूरा मामला
घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। खासतौर पर विपक्षी दलों और महिला अधिकार संगठनों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस तरह के व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती।
इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश की कैराना सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को “बेहद शर्मनाक” करार दिया। इकरा हसन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि शर्मनाक! एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचना उसकी गरिमा और धार्मिक पहचान पर सीधा हमला है। जब राज्य का मुख्यमंत्री ऐसा करे, तो महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना लाज़मी है।
इस विवाद को और हवा तब मिली जब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो साझा किया। आरजेडी ने नीतीश कुमार के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री को आखिर हो क्या गया है।
Bihar New CM: लालू यादव या नीतीश कुमार- किसने ली है गांधी मैदान में ज्यादा बार शपथ? देखें इतिहास
इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने भी नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार जैसे बड़े राज्य का मुख्यमंत्री अगर सार्वजनिक मंच पर इस तरह की हरकत करता है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विवाद बढ़ने के बावजूद अब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से इस मामले में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। न ही मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से इस घटना पर कोई आधिकारिक सफाई दी गई है। उनकी चुप्पी ने विपक्ष के आरोपों को और बल दिया है और लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या मुख्यमंत्री इस व्यवहार को सही मानते हैं या फिर वह इसे नजरअंदाज कर रहे हैं।
Location : Lucknow
Published : 16 December 2025, 1:58 PM IST