हिंदी
चंद्रशेखर आजाद का शक्ति प्रदर्शन (Img : Google)
Meerut : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट अब राजनीतिक गलियारों में साफ सुनाई देने लगी है। पश्चिमी यूपी की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश कर रही आजाद समाज पार्टी ने मेरठ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) बुधवार को मेरठ पहुंचे। जहां उन्होंने शब्दों में संकेत दे दिए कि आने वाला चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं बल्कि राजनीतिक सोच बदलने की लड़ाई होगी।
मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नेता बाबर चौहान खरदौनी, दिलशाद भाटी, तौफीक इलाही समेत कई स्थानीय नेताओं ने चंद्रशेखर आजाद की मौजूदगी में पार्टी का पटका पहनकर आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। चंद्रशेखर ने सभी नेताओं का मंच से स्वागत किया और कहा कि पार्टी लगातार जमीन पर मजबूत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मेरठ की सातों सीटों पर आजाद समाज पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने चंद्रशेखर के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब प्रदेश में लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी और जनता बदलाव चाहती है।
चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में मेरठ की ऐतिहासिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति मेरठ से शुरू हुई थी और इसी धरती ने अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने कहा कि मेरठ हमेशा बदलाव की राजनीति का केंद्र रहा है और अब एक बार फिर यहां से नई राजनीतिक शुरुआत होगी।
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नेताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की। साथ ही कहा कि आसपा समाज के हर वर्ग की आवाज बनने का काम करेगी। कार्यक्रम में तौफीक इलाही, नूर सैफी, सत्यकुमार प्रजापति, नितिन कुमार जाटव और हारून समेत कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली।
Location : Meerut
Published : 13 May 2026, 9:58 PM IST