हिंदी
मेरठ का दूल्हा हेलीकॉप्टर में लाया दुल्हन (Image: X)
Meerut News: मेरठ के सिवाल खास में एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बन गई है, जिसकी कहानी किसी फिल्मी अंदाज से कम नहीं है। यहां एक पोते ने अपनी दादी की 18 साल पुरानी ख्वाहिश पूरी करने के लिए शादी में करीब 18 लाख रुपये खर्च कर हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया। दूल्हा हीरा राणा हेलिकॉप्टर से बारात लेकर हापुड़ के देहरा गांव पहुंचा और निकाह के बाद अपनी दुल्हन काशिफा को भी इसी हेलीकॉप्टर से विदा कराकर ससुराल लाया। जैसे ही हेलिकॉप्टर गांव में उतरा, दूल्हा-दुल्हन की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। इस शादी की सबसे खास बात यह रही कि पूरा आयोजन दादी की उस इच्छा को पूरा करने के लिए किया गया, जिसे परिवार ने करीब 18 साल तक संजोकर रखा था।
हीरा राणा के पिता जाहिद राणा बताते हैं कि उनकी मां की दिली ख्वाहिश थी कि उनके पोते की शादी हापुड़ के देहरा गांव में हो और घर की नई बहू हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंचे। जाहिद का भी इस गांव से पुराना रिश्ता रहा है। उनकी मां देहरा गांव की रहने वाली थी और उनका बचपन भी इसी गांव में बीता था। जाहिद बताते हैं कि बचपन में वह अपने दोस्त चौधरी हसमत अली उर्फ ठेका के साथ गांव में पशु चराने जाया करते थे। बाद में उनकी मां ने इच्छा जताई कि हीरा की शादी इसी गांव में होनी चाहिए। इसके बाद जाहिद ने अपने पुराने दोस्त से उनके परिवार में बेटे के लिए रिश्ता मांगा। दोस्त ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया।
दादी की इच्छा पूरी करने के लिए परिवार ने शादी में खास इंतजाम करने का फैसला किया। हालांकि, हेलिकॉप्टर की व्यवस्था करना इतना आसान नहीं था। जाहिद राणा ने बताया कि इसके लिए दोनों तरफ से जरूरी परमिशन लेनी पड़ी और कई तरह की तैयारियां करनी पड़ीं। इस दौरान परिवार को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपना इरादा नहीं बदला। आखिरकार करीब 18 लाख रुपये खर्च करके हेलिकॉप्टर का इंतजाम किया गया।
18 लाख खर्च कर हेलिकॉप्टर से दुल्हन को घर लाया दूल्हा (Image: X)
10 नवंबर को निकाह की रस्में पूरी होने के बाद हीरा राणा अपनी दुल्हन काशिफा को हेलिकॉप्टर से लेकर मेरठ के सिवाल खास पहुंचा। देहरा गांव से लेकर सिवाल खास तक इस अनोखी विदाई को देखने के लिए लोगों में उत्साह रहा। दोनों गांवों में बड़ी संख्या में लोग हेलिकॉप्टर और नवविवाहित जोड़े की एक झलक पाने के लिए जुटे। ससुराल पहुंचने पर परिवार के लोगों ने नई बहू का स्वागत किया।
हीरा राणा ने बताया कि इस पूरे आयोजन का श्रेय उनके पिता जाहिद राणा को जाता है। जब पिता ने उन्हें हेलिकॉप्टर से दुल्हन लाने की योजना बताई तो वह बेहद खुश हुए। उन्होंने कहा कि दादी का 18 साल पुराना सपना पूरा हुआ है। हेलिकॉप्टर से सफर के दौरान नीचे लोगों की भीड़ और उनका प्यार देखकर उन्हें काफी अच्छा लगा। हीरा ने अपने पिता पर गर्व जताया। वहीं, दुल्हन काशिफा ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि उनकी विदाई हेलिकॉप्टर से होगी तो वह और उनका परिवार काफी खुश हुआ। देहरा गांव में इससे पहले इस तरह हेलिकॉप्टर से दुल्हन की विदाई नहीं हुई थी। मेरठ पहुंचने पर ससुराल वालों और कस्बे के लोगों ने जिस तरह उनका स्वागत किया, वह उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।
Location : Meerut
Published : 13 November 2026, 8:03 PM IST