पागल बंदर ने पूरे गांव को बनाया बंधक; 90% बच्चों ने छोड़ा स्कूल, बदायूं के लोग घरों में कैद

उत्तर प्रदेश के बदायूं जनपद में एक खूंखार बंदर ने दहशत फैला रखी है। 15 दिनों में लोगों पर हमला कर चुका बंदर, 90 फीसदी बच्चों ने छोड़ा स्कूल आना। महिला को इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराना पड़ा। जानिए पूरा मामला।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 November 2026, 7:56 PM IST
google-preferred

Budaun: जनपद में एक पागल बंदर ने ऐसा आतंक मचा रखा है कि पूरा गांव दहशत में जीने को मजबूर है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि लोग घरों से अकेले बाहर निकलने से डर रहे हैं। रात के अंधेरे में अचानक हमला करने वाला यह बंदर अब तक 15 से ज्यादा लोगों को घायल कर चुका है। एक महिला की हालत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश एम्स तक में भर्ती कराना पड़ा।

बंदर के खौफ का असर गांव के बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। प्राइमरी स्कूल में 90 फीसदी बच्चों ने आना बंद कर दिया है। परेशान होकर स्कूल की प्रधानाचार्या ने डीएम को पत्र लिखकर बंदर पकड़े जाने तक स्कूल बंद रखने की मांग की है।

15 दिन से गांव में बंदर का आतंक

पूरा मामला बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दहेमी गांव का है। जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर बसे इस गांव की आबादी लगभग 4 हजार है। ग्रामीणों के मुताबिक, बंदरों के झुंड में शामिल एक बंदर पिछले 15 दिनों से लगातार लोगों पर हमला कर रहा है। खासकर रात के समय उसका आतंक ज्यादा बढ़ जाता है। वह अचानक लोगों को निशाना बनाता है और हमला करने के बाद पलक झपकते ही गायब हो जाता है।

monkey attack

बंदर के हमले से कई लोग घायल (Img: Dynamite News)

इस बंदर के हमले में आयेंद्र, पप्पू, जितेंद्र सिंह, अतेंद्र और महीपाल समेत 15 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। इनमें कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चे भी रात में ठीक से सो नहीं पा रहे हैं।

महिला पर किया हमला

ग्रामीणों के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात सोमवती छत पर थीं। इसी दौरान बंदर ने अचानक उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स ले जाना पड़ा। उनकी मां तारा देवी ने बताया कि बंदर ने रात करीब 12 बजे उनकी बेटी को काटा था। इलाज के लिए उन्हें बार-बार अस्पताल जाना पड़ रहा है।

बंदर के डर से 90 फीसदी बच्चों ने छोड़ा स्कूल आना

बंदर का आतंक अब गांव के प्राइमरी स्कूल तक पहुंच गया है। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं। प्रधानाचार्या मनी वैश्य के मुताबिक, पहले स्कूल में बच्चों की अच्छी संख्या रहती थी, लेकिन अब महज 10 से 12 फीसदी बच्चे ही पहुंच रहे हैं।

हालात ऐसे हैं कि बच्चों का मिड-डे मील खाना भी मुश्किल हो गया है। अभिभावकों को डर है कि कहीं रास्ते में या स्कूल परिसर में बंदर बच्चों पर हमला न कर दे। इसी को देखते हुए प्रधानाचार्या ने खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) के माध्यम से डीएम अवनीश कुमार राय को पत्र भेजा है। इसमें मांग की गई है कि जब तक बंदर पकड़ा नहीं जाता, तब तक स्कूल में छुट्टी घोषित की जाए। फिलहाल इस पर प्रशासन का आदेश नहीं आया है।

गांव वालों ने चंदा जुटाकर मथुरा से बुलाई टीम

बंदर के आतंक से परेशान ग्रामीण अब खुद ही उसे पकड़वाने की कोशिश में जुट गए हैं। ग्राम प्रधान डॉ. प्रशांत राठौर ने बताया कि गांव में लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए ग्रामीणों से चंदा जुटाया गया। इसके बाद बंदर को पकड़ने के लिए मथुरा से एक विशेष टीम बुलाई गई है।

टीम पिछले दो दिनों से बंदर को पकड़ने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। प्रधान के मुताबिक, बंदर बेहद फुर्तीला है। उसकी गतिविधियों को समझना मुश्किल हो रहा है। वह अचानक सामने आता है और फिर तेजी से गायब हो जाता है।

प्रशासन ने दिया बंदर पकड़वाने का भरोसा

ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, एडीएम प्रशासन मानवेंद्र सिंह ने बताया कि दहेमी गांव में बंदर के हमलों का मामला संज्ञान में है। वन विभाग की टीम को गांव भेजकर बंदर को पकड़वाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर विशेष टीम भी बुलाई जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  13 November 2026, 7:56 PM IST

Advertisement