24 घंटे में 3 कत्ल… ट्रेन से अस्पताल तक फैलाया खौफ, फिर एनकाउंटर में ढेर हुआ कातिल; पुलिस पर भी चलाई थी गोली

उत्तर प्रदेश के चंदौली में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या कर दहशत फैलाने वाले आरोपी गुरप्रीत सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी ने ट्रेन और अस्पताल में ताबड़तोड़ हत्याएं की थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह एंग्जायटी डिसऑर्डर और शराब की लत से भी जूझ रहा था।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 12 May 2026, 1:54 PM IST
google-preferred

Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या करने वाले आरोपी गुरप्रीत सिंह का सोमवार देर रात पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। आरोपी ने दो हत्याएं अलग-अलग ट्रेनों में की थीं, जबकि तीसरी वारदात एक निजी अस्पताल में अंजाम दी थी। लगातार हो रही इन हत्याओं से रेलवे यात्रियों और स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया था।

डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण के मुताबिक, आरोपी गुरप्रीत सिंह मूल रूप से अमृतसर का रहने वाला था। उसने पहली हत्या रविवार सुबह ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में की। आरोपी ने गाजीपुर निवासी 34 वर्षीय मंगरू को गोली मारने के बाद उसका शव ट्रेन से नीचे फेंक दिया था। घटना के बाद वह ट्रेन से उतरकर फरार हो गया।

इसके कुछ घंटे बाद उसने जम्मूतवी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में बिहार के गया निवासी दिनेश साहू की कनपटी पर गोली मार दी। दिनेश अपने रिश्तेदारों के साथ धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे। अचानक हुई फायरिंग से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्री दहशत में आ गए।

अस्पताल में महिला की हत्या

दोहरी वारदात के बाद भी आरोपी नहीं रुका। सोमवार सुबह वह मुगलसराय स्थित जीवक अस्पताल पहुंचा। वहां उसने इलाज के लिए पर्ची बनवाई और वार्ड में भर्ती बिहार की 56 वर्षीय लक्ष्मीना देवी के सिर में गोली मार दी। महिला पैर के ऑपरेशन के बाद अस्पताल में भर्ती थीं।

crime news

दरिंदों को जेल पहुंचाकर दुल्हन बनी बहादुर बेटी! जिस रिश्ते पर उठे सवाल, उसी को दूल्हे ने बनाया मिसाल

वारदात के बाद आरोपी अस्पताल से भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। अस्पताल के बाहर मौजूद लोगों और एक ऑटो चालक ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी पिटाई भी की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसके पास से लाइसेंसी रिवॉल्वर, डबल बैरल बंदूक और कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने तीनों हत्याएं कबूल कर ली थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने साल 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी। हाल ही में वह नौकरी की तलाश में बिहार गया था, लेकिन शराब की लत के कारण सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया गया था।

सीन रीक्रिएशन के दौरान पिस्टल छीनकर भागा

चंदौली एसपी आकाश पटेल के अनुसार, पुलिस आरोपी को घटनास्थलों पर ले जाकर सीन रीक्रिएशन करा रही थी। सोमवार रात करीब 11 बजे कुचमन रेलवे स्टेशन के पास आरोपी ने एसआई सतीश सिंह की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आरोपी के सीने और पेट में गोली लगी। इस दौरान एसआई और एक जीआरपी सिपाही भी घायल हुए हैं।

हमीरपुर में छेनी-हथौड़े से शिवलिंग तोड़ने की कोशिश, 50 साल पुराने मंदिर में अराजकता

डॉक्टरों के अनुसार आरोपी का पल्स रेट सामान्य से ज्यादा था और वह एंग्जायटी डिसऑर्डर से जूझ रहा था। पुलिस अब साइको किलिंग के एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने कहीं और भी वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।

Location :  Chandauli

Published :  12 May 2026, 1:54 PM IST

Advertisement