दरिंदों को जेल पहुंचाकर दुल्हन बनी बहादुर बेटी! जिस रिश्ते पर उठे सवाल, उसी को दूल्हे ने बनाया मिसाल

फतेहपुर में हुई एक शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। जिस घटना के बाद लोगों ने रिश्ते टूटने की आशंका जताई थी, वहीं एक फैसले ने समाज की सोच को चुनौती दे दी। पीड़िता ने जहां दरिंदों को सलाखों तक पहुंचाया, वहीं दूल्हे के कदम ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 May 2026, 1:38 PM IST
google-preferred

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में चर्चित गैंगरेप कांड के बाद एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने लोगों की सोच को झकझोर दिया। जिस युवती को समाज तानों और सवालों के घेरे में देख रहा था, उसी युवती का हाथ थामकर उसके मंगेतर ने न केवल अपने रिश्ते को निभाया बल्कि पूरे समाज के सामने एक नई मिसाल भी पेश कर दी।

गैंगरेप कांड में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। वहीं दूसरी ओर पीड़िता के मंगेतर ने अपने वादों को निभाते हुए पहले मंदिर में शादी रचाई और बाद में धूमधाम से बारात लेकर विवाह समारोह संपन्न कराया। शादी समारोह में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद दिया।

घटना के बाद नहीं टूटा हौसला

बताया जा रहा है कि खागा क्षेत्र के एक सुनसान रास्ते पर कई लड़कियों के साथ आरोपियों ने घटनाओं को अंजाम दिया था। लेकिन लोकलाज और समाज के डर से कई पीड़िताएं सामने नहीं आ सकीं। कुछ ने चुप्पी साध ली तो कुछ ने जिंदगी से हार मान ली।

इसे कहते है असली मर्द और उसका प्यार: प्रेमिका का हुआ गैंगरेप, फिर भी नहीं छोड़ा साथ

हालांकि इस युवती ने हार नहीं मानी। उसने आरोपियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया और थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक न्याय की लड़ाई लड़ी। आरोप है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही बरती गई, लेकिन जब मामला पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक तक पहुंचा तो तत्काल सख्त कदम उठाए गए।

एसपी के एक्शन से बदली तस्वीर

एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया और तत्कालीन खागा कोतवाल रमेश पटेल को निलंबित कर दिया गया। मुख्य आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया। बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका था। इस कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस प्रशासन की सक्रियता चर्चा का विषय बन गई। वहीं पीड़िता के साहस की भी लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं।

इलाज या आर्थिक तबाही? 30 साल में प्राइवेट अस्पतालों का खर्च 10 गुना बढ़ा, आम आदमी की सांसें अटकीं

दूल्हे ने निभाया साथ

शादी के दौरान दूल्हे ने कहा कि जो घटना हुई उसके दोषियों को कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। उसने कहा कि समाज में कई लोग यह मान बैठे थे कि अब यह रिश्ता टूट जाएगा, लेकिन उसने अपने सात फेरों के सातों वचनों को निभाया है। दूल्हे ने कहा कि किसी लड़की के साथ हुई घटना उसकी पहचान नहीं हो सकती। इंसाफ और सम्मान हर बेटी का अधिकार है। यही सोच लेकर उसने अपनी जीवन संगिनी का साथ निभाया।

Location :  Fatehpur

Published :  12 May 2026, 1:29 PM IST

Advertisement