गाजियाबाद में लव जिहाद: धर्म परिवर्तन, 5 निकाह और 2 हलाला…पीड़िता ने सुनाया दर्द

इंदौर की 31 वर्षीय महिला ने गाजियाबाद के अंकुर विहार थाने में 16 लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। महिला का दावा है कि फेसबुक पर हिंदू नाम से दोस्ती करने वाले युवक ने उसे जाल में फंसाया, फिर जबरन धर्म परिवर्तन, कई निकाह, हलाला और शारीरिक उत्पीड़न का शिकार बनाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 May 2026, 1:15 PM IST
google-preferred

Ghaziabad: महिला ने गाजियाबाद के अंकुर विहार थाने में 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उसने आरोप लगाया है कि उसके साथ कई बार रेप किया गया, विरोध करने पर बेरहमी से पीटा गया और नमाज न पढ़ने पर भी उसे प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी खालिद हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

फेसबुक पर हुई दोस्ती, फिर बदल गई जिंदगी

पीड़िता के मुताबिक, साल 2012 में जब वह 18 साल की थी और BBA की पढ़ाई कर रही थी, तभी उसकी फेसबुक पर मुजफ्फरनगर के रहने वाले एक युवक से दोस्ती हुई। युवक ने अपना नाम नवीन राणा बताया था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और कुछ समय बाद वह इंदौर भी पहुंचा। महिला का कहना है कि युवक ने उसे मोबाइल और सिम दिया। जिससे भरोसा जीत लिया। साल 2013 में युवक ने उसे दिल्ली बुलाया। वहां से उसे मुजफ्फरनगर के एक मदरसे में ले जाया गया। कुछ दिन बाद युवक वहां से चला गया और तब महिला को पता चला कि उसका असली नाम नावेद है। इसके बाद उसे बंधक बना लिया गया।

जबरन धर्म परिवर्तन और निकाह का आरोप

महिला का आरोप है कि मदरसे में उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया। कुछ समय बाद उसे मेरठ और फिर मुजफ्फरनगर ले जाया गया, जहां उससे 25 साल बड़े मौलाना अब्दुर रहमान के साथ निकाह करा दिया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि निकाह के बाद उसके साथ लगातार रेप होता रहा। विरोध करने पर उसे न्यूड करके पीटा जाता था। बाद में उसे तीन तलाक दिया गया और फिर हलाला के नाम पर दूसरी जगह भेज दिया गया। महिला का दावा है कि इसी तरह उसके 5 निकाह कराए गए और 2 बार हलाला कराया गया।

गुजरात से गाजियाबाद तक भटकती रही महिला

महिला ने बताया कि दूसरे निकाह के बाद उसे गुजरात ले जाया गया, जहां उसका पति वेल्डिंग का काम करता था। 2019 में उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह दूसरे मौलानाओं और लोगों के संपर्क में आई, जिन्होंने उसे दिल्ली, सहारनपुर और बागपत तक पहुंचाया। उसने आरोप लगाया कि तीसरे और चौथे निकाह के दौरान भी उसके साथ मारपीट और गैंगरेप जैसी घटनाएं हुईं। आखिरकार किसी तरह वह आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाजपा विधायक नंद किशोर के पास पहुंची, जिन्होंने उसे पुलिस तक पहुंचने में मदद की।

पुलिस जांच में जुटी

महिला की शिकायत पर पुलिस ने नवीन राणा उर्फ नावेद, मौलाना कलीम सिद्दीकी, कारी असलम, फकरुद्दीन, खालिद हुसैन समेत 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर जबरन धर्म परिवर्तन, रेप, हलाला, कई निकाह कराने, धमकी देने और मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। गाजियाबाद ग्रामीण क्षेत्र के DCP सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि महिला अलग-अलग राज्यों और जगहों पर रह चुकी है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Location :  Ghaziabad

Published :  12 May 2026, 1:15 PM IST

Advertisement