हमीरपुर में बाढ़ जैसे हालात, किसानों ने डीएम से लगाई मदद की गुहार, सब्जी की फसलें पानी में समाईं

हमीरपुर में मौदहा बांध से मेंटेनेंस के चलते छोड़े गए पानी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बेतवा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से कुरारा ब्लॉक के बेरी गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। नदी किनारे की बारियां और सब्जियों की फसलें जलमग्न हो गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से सर्वे और मुआवजे की मांग की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 May 2026, 1:21 PM IST
google-preferred

Hamirpur: हमीरपुर में मौदहा बांध से पानी की निकासी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बांध के मेंटेनेंस कार्य के चलते छोड़े गए पानी के बाद बेतवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे कुरारा ब्लॉक के बेरी गांव में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। नदी किनारे की बारियां पूरी तरह पानी में डूब गई हैं और खेतों में खड़ी सब्जियों समेत कई फसलें बर्बाद हो गई हैं। अचानक आई इस स्थिति ने किसानों को आर्थिक संकट में डाल दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी और इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ने से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। खेतों में खड़ी लौकी, तरोई, भिंडी और अन्य सब्जियों की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो चुकी हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द राहत नहीं मिली तो उनके सामने परिवार चलाने तक का संकट खड़ा हो जाएगा।

बेरी गांव के किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से मदद की मांग की है। किसानों ने कहा कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का सर्वे करे और आपदा राहत कोष से उचित मुआवजा दिलाया जाए। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने से यह स्थिति बनी है।

वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। किसानों ने मांग की है कि भविष्य में बांध से पानी छोड़े जाने से पहले आसपास के गांवों को अलर्ट किया जाए, ताकि लोग अपनी फसल और सामान सुरक्षित कर सकें। फिलहाल गांव में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और किसान प्रशासन से राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Location :  Hamirpur

Published :  12 May 2026, 1:21 PM IST

Advertisement