आगरा में युवक की बड़ी बेरहमी से हत्या, जानें किस बात पर हुआ था विवाद?

आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र के धूलियागंज में मामूली कहासुनी के बाद युवक हर्ष जैन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना शराब ठेके के पास हुई, जहां पहले झगड़ा और फिर रात में हमला हुआ। मौत की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जमकर हंगामा किया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 12 May 2026, 1:33 PM IST
google-preferred

Agra: आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र स्थित धूलियागंज में दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। यहां रहने वाले हर्ष जैन, जो अपनी मां दीपिका जैन, बहन मोहिनी जैन, पत्नी नंदिनी जैन और दो साल की बेटी के साथ रहते थे, की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पूरा विवाद शराब ठेके के पास हुई एक छोटी सी कहासुनी से शुरू हुआ, जो बाद में जानलेवा झगड़े में बदल गया।

क्या था मामला?

परिजनों के मुताबिक, हर्ष अपने काम से लौट रहा था, तभी उसका विशाल नाम के युवक से विवाद हो गया। दोनों के बीच धूलियागंज शराब ठेके के पास मारपीट हुई, जिसके बाद हर्ष घर लौट आया। लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि फोन पर उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं और रात में जब वह घर से बाहर निकला तो पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर हमला कर दिया।

बहन मोहिनी जैन ने क्या बताया?

हर्ष की बहन मोहिनी जैन ने बताया कि हमलावरों ने उसे बुरी तरह पीटा और वह गंभीर हालत में वहीं गिर पड़ा। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो उसकी सांसें थम चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमले में कई लोग शामिल थे और यह सुनियोजित तरीके से किया गया था।

पुलिस ने क्या एक्शन लिया?

पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो माहौल और बिगड़ गया। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और समझाइश के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट भेजा।

इलाके में छाया मातम

मां दीपिका जैन का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कह रही हैं कि उन्होंने मदर्स डे पर बेटे से बात की थी और उसने उनका फोटो सोशल मीडिया पर भी डाला था, लेकिन उन्हें क्या पता था कि वह आखिरी बातचीत होगी। वहीं पत्नी नंदिनी जैन भी सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो रही हैं।

पुलिस का क्या कहना है?

पुलिस के मुताबिक, डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हर्ष का विवाद देवा माहौर और उसके भाई विशाल से हुआ था। बाद में देवा अपने साथियों के साथ आया और मारपीट में हर्ष की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी देवा माहौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Location :  Agra

Published :  12 May 2026, 1:33 PM IST

Advertisement