नाले की पटिया पर खड़ी 11 साल की बच्ची पलभर में हुई गायब, बुलंदशहर में मचा हड़कंप

बुलंदशहर में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। स्कूल से घर लौट रही छात्रा अचानक खुले नाले की चपेट में आ गई। तेज पानी के बहाव में बच्ची बह गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 28 July 2026, 8:09 PM IST
google-preferred

Bulandshahr: बुलंदशहर में बारिश के दौरान एक ऐसा हादसा सामने आया जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही 11 वर्षीय छात्रा खुले नाले में गिरकर बह गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिवार में चीख-पुकार मच गई। मामला भूतेश्वर मंदिर के पास का है, जहां कक्षा 4 में पढ़ने वाली छात्रा चारु कश्यप के साथ यह हादसा हुआ।

नाले की पटिया पर खड़ी थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, चारु कश्यप भूतेश्वर मंदिर के पास स्थित सुशीला इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ती थी। स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए मासूम बच्ची सड़क किनारे बने नाले की पटिया पर जाकर खड़ी हो गई। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह खुले नाले में जा गिरी।

बताया जा रहा है कि नाले में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण बच्ची कुछ ही समय में पानी के साथ बह गई।

ये भी पढ़ें- देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: दूध-दही के नमूने लिए, पिज्जा-फास्ट फूड प्रतिष्ठानों को भी नोटिस

सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद नगर पालिका, पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीम ने तुरंत नाले में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। गोताखोरों और बचाव दल की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की टीमें बच्ची को खोजने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

इस घटना के बाद छात्रा के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस हादसे से काफी दुखी हैं और प्रशासन से जल्द बच्ची का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- नीचे झूल रहा था 11 KV का तार; देवरिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली के चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत

खुले नालों को लेकर उठे सवाल

इस हादसे ने बारिश के मौसम में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले नाले और खराब व्यवस्था के कारण ऐसे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। 

Location :  Bulandshahr

Published :  28 July 2026, 8:09 PM IST

Related News

Advertisement