हिंदी
बुलंदशहर में घने कोहरे का कहर
Bulandshahr: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रविवार सुबह से ही घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे पूरा जिला मानो धुंध में लिपट गया हो। खासतौर पर पहासू क्षेत्र में कोहरे का असर इतना ज्यादा देखने को मिला कि सड़कों पर 40 मीटर की दूरी तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है।
घने कोहरे ने न सिर्फ जनजीवन को प्रभावित किया, बल्कि यातायात व्यवस्था पर भी गहरा असर डाला है।
सुबह के समय जब लोग रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से निकले, तो उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण नेशनल और स्टेट हाईवे पर चलने वाले वाहन बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। कई स्थानों पर वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर वाहन चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। दृश्यता बेहद कम होने के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
बुलंदशहर में मुठभेड़: दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक बदमाश घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सीजन में पहली बार इतना घना कोहरा देखने को मिला है। खेत, सड़कें और आसपास की इमारतें पूरी तरह धुंध में छिपी नजर आईं। पहासू क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर चल रहे वाहन बेहद पास आने पर ही दिखाई दे रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोहरे का असर रेल और सड़क यातायात दोनों पर देखा गया। सुबह के समय कई वाहन चालक किनारे रुककर कोहरा छंटने का इंतजार करते नजर आए। ट्रक और बस चालकों ने रफ्तार काफी धीमी रखी, जिससे मार्गों पर लंबा जाम जैसी स्थिति बन गई। हालांकि अब तक किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
दिल्ली NCR में की हवा में घुला जहर, GRAP-4 लागू; स्थिति गंभीर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में सक्रिय शीत लहर और नमी के कारण घना कोहरा छाया हुआ है। आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय इसी तरह के हालात बने रहने की संभावना जताई जा रही है। तापमान में गिरावट के साथ-साथ कोहरे की तीव्रता और बढ़ सकती है। प्रशासन और यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
कोहरे में वाहन चलाते समय कम गति रखने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। साथ ही अनावश्यक यात्रा से बचने को भी कहा गया है।
Location : Bulandshahr
Published : 14 December 2025, 8:42 AM IST