हिंदी
सड़क हादसे में मारपीट के बाद युवक की मौत (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Budaun: जनपद के हजरतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद विवाद हो गया। विवाद बढ़ जाने पर दो पक्षों में मारपीट में (25) वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार अजय (25) पुत्र गुड्डू सिंह निवासी ग्राम सुकटिया थाना हजरतपुर, गुरुवार शाम करीब 4–5 बजे बाजार से सामान लेकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। जब वह चितरी गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे दूसरी बाइक सवार जितेंद्र पुत्र हरपाल निवासी द्वारिकापुरी चितरी ने कथित तौर पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आकर जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। बताया जा रहा है कि अजय के पीछे आ रहे उसके साथी जब विरोध करने लगे तो आरोप है कि जितेंद्र के साथ मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अजय के साथ उसका भाई पवन पुत्र गुड्डू सिंह, पंकज पुत्र पप्पू सिंह समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।
बदायूं में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो को मारी जोरदार टक्कर, दो की मौके पर मौत
घटना के बाद घायल अजय की हालत गंभीर हो गई। परिजनों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस सेवा को फोन करने के बावजूद समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। काफी इंतजार के बाद भी मदद न मिलने पर परिजनों ने 112 नंबर पर कॉल किया और स्वयं ही घायल को निजी वाहन से म्याऊं के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया।
मृतक अजय नोएडा में प्राइवेट नौकरी करता था और अपने भाई पवन की शादी में शामिल होने घर आया हुआ था। आज ही उसके भाई की बारात बिहार जाने वाली थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और शोक है।
Location : Budaun
Published : 30 April 2026, 6:45 PM IST