हिंदी
मोरारी बापू के श्रीमुख से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर के पौराणिक तीर्थ शुकतीर्थ (शुक्रताल) में 2 मई से 10 मई तक विश्वविख्यात संत मोरारी बापू के श्रीमुख से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। यह बापू की 977वीं रामकथा होगी, जबकि शुकतीर्थ में उनका यह छठा आगमन है। कथा का शुभारंभ 2 मई को सायं 4 बजे से होगा, वहीं शेष दिनों में कथा प्रातः 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
श्रीमद्भागवत कथा का प्रथम श्रवण
शहर के रुड़की रोड पर एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि इस कथा का उद्देश्य मानव जीवन का आत्म-उत्थान और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार बताया गया है। शुकतीर्थ वही पावन भूमि है, जहां महर्षि शुकदेव ने राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा का प्रथम श्रवण कराया था, जिससे इस स्थान का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है।
अमेरिका, इंग्लैंड, केन्या समेत कई देशों से श्रद्धालु आएंगे
कथा के मुख्य यजमान गुजरात मूल के एनआरआई चेतन भाई होंगे, जो वर्तमान में युगांडा में निवासरत हैं। इस आयोजन में भारत के साथ-साथ अमेरिका, इंग्लैंड, केन्या समेत कई देशों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार कथा पूरी तरह निःशुल्क और पारमार्थिक है, जिसमें किसी प्रकार का चंदा नहीं लिया जाएगा।
CCTV मेंहंगामा कैद : बहू ने भाइयों संग सास पर बोला हमला, जेवर और फोन लेकर फरार
पार्किंग की व्यापक व्यवस्था
कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल एसी पंडाल, शुद्ध पेयजल, भोजन प्रसाद, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की गई है। साथ ही, गंगा स्नान, गंगा परिक्रमा और भव्य गंगा आरती का भी विशेष आयोजन रहेगा।
आयोजकों का दावा है कि लाखों श्रद्धालु इस दिव्य कथा का हिस्सा बनेंगे और शुकतीर्थ एक बार फिर वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, सत्यप्रकाश रेशु, प्रदीप जिंदल, दिलीप पुनेवाला सहित कई गणमान्य लोगों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।
Location : Muzaffarnagar
Published : 30 April 2026, 5:38 PM IST