हादसा या सोची-समझी हत्या? बदायूं में गुमशुदगी के बाद खंदी में तैरता मिला MP इंजीनियर का शव, जानिये पूरा मामला

बदायूं में जल जीवन मिशन के क्वालिटी इंजीनियर जितेंद्र चंदेल का शव संदिग्ध हालत में खंदी से बरामद हुआ। परिजनों ने मोहम्मद फैजान व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 29 June 2026, 1:21 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां जल जीवन मिशन के अंतर्गत पीएनसी (PNC) कंपनी में कार्यरत एक 28 वर्षीय क्वालिटी इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। रविवार को उघैती थाना क्षेत्र में सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खंदी में इंजीनियर का शव उनकी बाइक के साथ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान जितेंद्र चंदेल (पुत्र अरविंद सिंह चंदेल) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम तिननी (थाना नौगांव) के रहने वाले थे। इस घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मोहम्मद फैजान सहित कई लोगों के खिलाफ पुलिस को नामजद शिकायती पत्र सौंपा है।

शनिवार दोपहर से लापता थे जितेंद्र

परिजनों और सहकर्मियों से मिली जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र चंदेल शनिवार दोपहर करीब 2 बजे इस्लामनगर क्षेत्र में पाइपलाइन टेस्टिंग के कार्य के लिए अपनी बाइक से निकले थे। कार्यस्थल पर जाने के कुछ ही देर बाद अचानक उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। देर शाम तक जब वह कमरे पर नहीं लौटे और उनका फोन भी लगातार बंद आता रहा, तो परिजनों और सहकर्मियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने पूरी रात अपने स्तर पर जितेंद्र की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की थी।

Budaun Rape Case: बदायूं में बच्ची से दरिंदगी के आरोपी को फांसी देने की मांग, लोगों में आक्रोश

गहरी खंदी में मिला शव और बाइक

रविवार सुबह उघैती थाना क्षेत्र के चाचीपुर ईंट भट्ठे के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने सड़क किनारे बनी एक गहरी खंदी में एक बाइक और युवक का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर उघैती थाना पुलिस और सीओ बिल्सी तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

एक साल से बदायूं में थे तैनात

मृतक जितेंद्र चंदेल पिछले एक साल से (जून 2025 से) बदायूं में पीएनसी कंपनी में क्वालिटी इंजीनियर के पद पर तैनात थे। वह यहाँ जल जीवन मिशन के तहत चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह अभी अविवाहित थे और बदायूं में ही किराए का कमरा लेकर रहते थे। उनके साथी कर्मचारियों ने बताया कि जितेंद्र बेहद मेहनती, शांत और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

बदायूं में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की गौ रक्षा यात्रा पर विवाद, जानिये पूरा मामला

हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में उघैती थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। अंदेशा है कि शनिवार रात टेस्टिंग कार्य से लौटते समय अंधेरे में बाइक अनियंत्रित होकर खंदी में गिर गई होगी। हालांकि, परिजनों ने दुर्घटना के दावे को नकारते हुए मोहम्मद फैजान और कुछ अन्य लोगों पर हत्या का शक जताया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

सीओ बिल्सी ने मामले की जानकारी देते हुए कहा, "पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इसके अलावा फॉरेंसिक रिपोर्ट और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) भी खंगाली जा रही है ताकि सच सामने आ सके।"

Location :  Budaun

Published :  29 June 2026, 1:21 PM IST

Related News

Advertisement