Budaun Land Mafia: बदायूं में भू-माफियाओं का कहर! 350 परिवारों का रास्ता बंद

बदायूँ के सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम नरऊ खुर्द में भूमाफियाओं द्वारा सरकारी चकरोड व गूल पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। अलापुर रोड स्थित मंडी समिति के सामने झाड़ी वाली मजार वाली कॉलोनी के निवासियों ने उपजिलाधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 26 April 2026, 1:27 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूँ में सरकारी चकरोड व गूल पर भूमाफियाओं का कब्जा, 350 परिवारों का रास्ता बंद होने के कगार पर। SDM से शिकायत, कहा- दबंग प्लॉटिंग कर रहे, विरोध पर धमकाते है।

बदायूँ के सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम नरऊ खुर्द में भूमाफियाओं द्वारा सरकारी चकरोड व गूल पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग किए जाने का मामला सामने आया है। अलापुर रोड स्थित मंडी समिति के सामने झाड़ी वाली मजार वाली कॉलोनी के निवासियों ने उपजिलाधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

25 फिट का रास्ता सिमटा 15 फिट पर

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज सरकारी चकरोड गाटा संख्या-147 व 148 तथा सरकारी गूल गाटा संख्या-144 पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। पश्चिम दिशा में तौफीक पुत्र इकरार हुसैन निवासी मोहल्ला ब्राहमपुर व पूर्व दिशा में अजय कुमार गोयल व अन्य द्वारा दोनों तरफ से लगभग 25 फिट चौड़े सार्वजनिक रास्ते को दबाकर उसे 15 फिट का कर दिया गया है।

विरोध पर लड़ाई-झगड़े को आमादा, देते हैं धमकी

प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि जब कॉलोनी के लोग उक्त कब्जाधारियों से बात करने जाते हैं तो वे लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो जाते हैं और रास्ता पूरी तरह बंद करने की धमकी देते हैं। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि तौफीक आदि लोग भूमाफिया व दबंग किस्म के हैं।

350 परिवारों की जिंदगी हो सकती है नर्क

शिकायतकर्ताओं के अनुसार इस कॉलोनी में लगभग 300 से 350 परिवार निवास करते हैं। सरकारी चकरोड ही कॉलोनी का एकमात्र मुख्य रास्ता है। यदि यह बंद हो गया तो एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं भी नहीं पहुंच पाएंगी। लोगों का कहना है कि उक्त लोगों द्वारा बिना किसी नक्शे, बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति व बिना किसी सरकारी परमीशन के अवैध रूप से प्लॉट काटे जा रहे हैं।

पहले भी की शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई

कॉलोनीवासियों ने बताया कि इस मामले को कई बार अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परेशान निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि रास्ते को लेकर भविष्य में कोई वाद-विवाद या अप्रिय घटना होती है तो उसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।

प्रशासन से लगाई गुहार

समस्त कॉलोनीवासियों ने एसडीएम सदर से मांग की है कि राजस्व टीम भेजकर गाटा संख्या 147, 148 व 144 की पैमाइश कराई जाए और सरकारी चकरोड व गूल को अवैध कब्जे से तत्काल मुक्त कराया जाए। साथ ही अवैध प्लॉटिंग करने वाले दबंगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।

Location :  Budaun

Published :  26 April 2026, 1:27 PM IST

Advertisement