हिंदी
भूसे के विवाद में बुजुर्ग की हत्या (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: बदायूं जिले के उसहैत थाना क्षेत्र के कुंवरगांव में भूसे को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश के चलते चार दबंगों ने 55 वर्षीय प्रेमपाल सिंह को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों धर्मवीर, वृजपाल, संजू और विकास ने प्रेमपाल सिंह पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। हमलावरों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मरने की हालत में छोड़ दिया। जाते-जाते आरोपियों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन घायल प्रेम पाल को तुरंत थाना उसहैत लेकर पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बरेली रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें उनकी मौत का कारण बनीं।
बदायूं में भीषण आग हादसा, तीन मवेशी जिंदा जले, लाखों का नुकसान
मृतक के बेटे गुड्डू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आरोपियों से पहले से रंजिश चल रही थी। भूसे को लेकर हुई कहासुनी के बाद से आरोपी परिवार को लगातार धमका रहे थे। परिजनों का आरोप है कि आरोपी अक्सर असलहों के साथ घर के आसपास घूमते थे और भय का माहौल बना रहे थे।
मृतक व्यक्ति (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
घटना की रात आरोपी घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे थे। जब बहू मुनीशा ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए प्रेमपाल सिंह को निशाना बनाते हुए हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
बदायूं में सियासी वार: महिला आरक्षण बिल पर गरजे धर्मेंद्र यादव, भाजपा को लेकर कही ये बड़ी बात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
Location : Budaun
Published : 21 April 2026, 11:50 AM IST
Topics : Budaun News Crime In India UP News UP Police