हिंदी
बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज (Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में नए प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने पदभार ग्रहण करते ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में तेज कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया और मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। नए प्राचार्य के सख्त रुख से अस्पताल प्रशासन में भी सक्रियता बढ़ गई है।
डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने सबसे पहले अस्पताल परिसर में मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाने वाली निजी एंबुलेंस व्यवस्था पर सख्ती दिखाने की बात कही। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में ऐसी निजी एंबुलेंस के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी, जो मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में ले जाती हैं। इसके साथ ही मरीज माफिया और उनके दलालों पर विशेष नजर रखी जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नए प्राचार्य ने डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि मरीजों का इलाज पूरी संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों को वही दवाएं लिखी जाएं, जो अस्पताल में उपलब्ध हों, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बाहर से दवा खरीदने की परेशानी न उठानी पड़े।
उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने, अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराने और मरीजों को किसी भी तरह की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने इमरजेंसी समेत विभिन्न वार्डों और विभागों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों की जांच और इलाज मेडिकल कॉलेज में ही बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे उन्हें बाहर जाने की जरूरत न पड़े।
Location : Gorakhpur
Published : 16 June 2026, 3:55 PM IST