हिंदी
जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष
Gorakhpur : जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र के भैंसला गांव में शुक्रवार को पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, भैंसला गांव में जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई सालों से विवाद चला आ रहा है। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन बताया जा रहा है। शुक्रवार को एक पक्ष द्वारा विवादित जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा था। इसकी जानकारी होने पर दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे तनाव में बदल गई।
स्थिति बिगड़ती देख किसी ग्रामीण ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही थी, तभी अचानक विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। महिलाओं ने भी इस दौरान जमकर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक दोनों पक्षों में मारपीट होती रही, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने में असहाय नजर आए।
गोरखपुर में 1.5 करोड़ की ठगी : हाईकोर्ट में अचानक आया नया मोड़, जांच टीम हैरान
मारपीट में शेषनाथ सिंह नामक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घायल पक्ष की ओर से सहजनवा थाने में तहरीर दी गई है। मामले में सहजनवा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि जमीन विवाद में मारपीट की सूचना मिली है। एक पक्ष से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 15 May 2026, 7:10 PM IST