हिंदी
मौत (Img : pinterest)
Bareilly : फरीदपुर क्षेत्र के कुईयां खेड़ा गांव में ग्राम समाज की जमीन पर पड़े घूरे को हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मंगलवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बड़े भाई और उसके बेटों समेत परिवार के अन्य लोगों ने 58 वर्षीय अमर सिंह यादव के साथ मारपीट की, जिसमें उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर सीधे फरीदपुर थाने पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी भेजा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कुईयां खेड़ा गांव निवासी अमर सिंह यादव का ग्राम समाज की जमीन पर घूरा पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि हाल में हुई बारिश के कारण घूरे का कुछ हिस्सा बहकर रास्ते तक पहुंच गया था। मृतक के बड़े भाई मदनलाल, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, घूरे को हटवाना चाहते थे। बताया जा रहा है कि घूरे के पीछे उनकी जमीन भी है, जिसके चलते दोनों भाइयों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
मंगलवार सुबह मदनलाल ने अमर सिंह से घूरा हटाने को कहा। इस पर अमर सिंह और उनके बेटों ने कुछ दिन बाद खेत खाली होने पर घूरा हटाकर खाद के रूप में इस्तेमाल करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद मदनलाल, उनके बेटों और अन्य परिजनों ने अमर सिंह को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि अमर सिंह को कई बार जमीन पर पटका गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
अमर सिंह की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर फरीदपुर थाने पहुंच गए। थाने के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को ट्रॉली से उतरवाकर सीएचसी भेजा। इसके बाद पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने बताया कि मामला आपसी विवाद का है। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट दिखाई नहीं दे रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 8 September 2026, 8:18 PM IST