रिकॉर्ड जीत का दावा, फिर 2024 के प्रदर्शन की चिंता क्यों? कानपुर में बीएल संतोष ने कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा टारगेट

कानपुर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने आगामी विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड जीत का दावा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अहंकार के बजाय आत्मविश्वास के साथ काम करने को कहा। 2024 के लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन वाले बूथों की पहचान, नए मतदाताओं से संपर्क और संगठन मजबूत करने पर जोर दिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 September 2026, 10:28 AM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष का दो दिवसीय प्रवास रविवार शाम समाप्त हुआ। गोविंद नगर स्थित एक्सेल पैलेस में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि भाजपा को पूरे आत्मविश्वास के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल करनी है। उन्होंने साफ किया कि यह आत्मविश्वास होना चाहिए, अहंकार नहीं।

राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना

बीएल संतोष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता झूठ का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विपक्ष के प्रचार से प्रभावित होने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश को रामराज्य की दिशा में ले जा रही है, जबकि सपा सरकार के कार्यकाल को उन्होंने रावणराज जैसा बताया।

अगले पांच महीने बताए बेहद अहम

भाजपा संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाले पांच महीने बेहद महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक मतदाता के घर तक पहुंचकर उसे पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करना होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 28 प्रतिशत नए मतदाता हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की है, जिन्हें पिछली सरकारों के कार्यकाल की स्थिति के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। कार्यकर्ताओं को इन युवाओं तक पहुंचने और भाजपा सरकार के कामकाज की जानकारी देने को कहा गया।

2024 के प्रदर्शन से सबक लेने की सलाह

बीएल संतोष ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खराब प्रदर्शन पर भी चिंता जताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उन बूथों की पहचान करने को कहा, जहां पिछले चुनाव में भाजपा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।

उन्होंने महिलाओं और युवाओं को जोड़ने के लिए वाट्सऐप ग्रुप बनाने तथा उनमें रोजाना भाजपा की विचारधारा और योजनाओं से जुड़ी सामग्री साझा करने के निर्देश दिए।

दधि उत्सव में ‘राजनीतिक गाने’ पर बवाल, महिलाओं-बच्चों को दौड़ाकर पीटा; 45 पर केस

कानून-व्यवस्था को बनाया चुनावी मुद्दा

बीएल संतोष ने कहा कि भाजपा सरकार में देश, घर और जीवन को सुरक्षित करने का काम हुआ है। उन्होंने कानपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में शहर में कोई दंगा नहीं हुआ।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने को कहा।

सड़कों पर भी जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगा

सम्मेलन के दौरान बीएल संतोष ने संगठन की रिपोर्ट को लेकर जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों को भी नसीहत दी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि ‘मन की बात’ की रिपोर्ट में अगर गलती हुई है तो उसे दोबारा नहीं दोहराया जाना चाहिए।

सड़कों की खराब स्थिति पर भी उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सवाल किए। जनप्रतिनिधियों ने एक महीने के भीतर सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का आश्वासन दिया। ऐसे में कानपुर प्रवास के दौरान बीएल संतोष का संदेश साफ रहा कि चुनावी जीत के दावे के साथ संगठन को जमीनी कमियों पर भी काम करना होगा।

Location :  Kanpur

Published :  14 September 2026, 10:28 AM IST

Related News

Advertisement