हिंदी
भारी मात्रा में सोना और चांदी बरामद (Img: Google)
Bilaspur: बिलासपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि तेलंगाना से चोरी किया गया भारी मात्रा में सोना और चांदी लेकर तीन लोग नेपाल भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। साथ ही तेलंगाना पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई मोबाइल लोकेशन की मदद से संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक यात्री बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों के पास से करीब सात किलोग्राम सोना और एक किलोग्राम चांदी बरामद हुई। बरामद आभूषणों और कीमती धातुओं की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल शाही, उसकी पत्नी विमला शाही और साली कल्पना शाही के रूप में हुई है। तीनों नेपाली मूल के निवासी हैं और नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तेलंगाना में एक व्यापारी के यहां काम करते थे। इसी दौरान उन्होंने कथित रूप से सोना और चांदी चोरी की और बाद में उसे लेकर नेपाल भागने की योजना बनाई। पुलिस को शक है कि चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बस के जरिए सीमा पार करने की कोशिश कर रहे थे।
Video: हापुड़ में दहेज लालच की वेदी पर चढ़ी सोनम, जानें इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जानकारी तेलंगाना पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि चोरी के मूल मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। पुलिस बरामद सोने और चांदी के स्वामित्व तथा चोरी की पूरी साजिश की भी जांच कर रही है।
Location : Bilaspur
Published : 9 June 2026, 3:14 PM IST