हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो
Noida: नोएडा में रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां एपेक्स ग्रुप के मालिक सतनाम सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। फ्लैट खरीदारों का आरोप है कि उन्होंने करोड़ों रुपये निवेश किए, कब्जा भी मिल गया, लेकिन वर्षों बाद भी फ्लैटों की सब-लीज डीड नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, विरोध करने पर धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मामले के सामने आने के बाद नोएडा के रियल एस्टेट बाजार में फिर हलचल तेज हो गई है।
2019 में मिला कब्जा, लेकिन आज तक नहीं हुई रजिस्ट्री
पीड़ित खरीदार का कहना है कि उसने अपने परिवार के साथ मिलकर एपेक्स एथेना प्रोजेक्ट में करोड़ों रुपये निवेश किए थे। वर्ष 2019 में बिल्डर की तरफ से फ्लैट का कब्जा दे दिया गया, जिससे खरीदारों को उम्मीद थी कि जल्द ही रजिस्ट्री और सब-लीज डीड की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी। लेकिन आरोप है कि कई साल गुजरने के बावजूद अब तक फ्लैटों की सब-लीज डीड नहीं कराई गई। खरीदारों का कहना है कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद बिल्डर की ओर से सिर्फ आश्वासन दिए जाते रहे।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने अपने अधिकारों की मांग की और रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया तो उन्हें धमकाया जाने लगा। खरीदारों का कहना है कि उन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई इस प्रोजेक्ट में लगाई थी, लेकिन अब वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। मामले में कई अन्य फ्लैट खरीदार भी सामने आने लगे हैं, जो इसी तरह की परेशानियों का सामना करने का दावा कर रहे हैं।
सेक्टर-113 थाने में दर्ज हुई FIR
इस पूरे मामले में नोएडा के सेक्टर-113 थाने में एपेक्स एथेना बिल्डर और उसके मालिक सतनाम सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब यह जांच की जा रही है कि खरीदारों के साथ किस स्तर पर धोखाधड़ी हुई और सब-लीज डीड लंबित रहने की असली वजह क्या है। मामले ने एक बार फिर नोएडा में बिल्डर और फ्लैट खरीदारों के बीच बढ़ते विवादों को चर्चा में ला दिया है।
Location : Noida
Published : 18 May 2026, 1:48 PM IST