हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: गूगल)
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी, जो रिश्ते में उसका देवर लगता था, उसकी शादी से नाराज होकर उस पर बेहद खौफनाक हमला कर दिया। आरोप है कि महिला ने युवक को मिलने के बहाने खेत में बुलाया और ब्लेड से उसका प्राइवेट पार्ट काट डाला। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
चार साल से चल रहा था भाभी से प्रेम प्रसंग
जानकारी के मुताबिक, पाली थाना क्षेत्र के गुजदेई गांव निवासी 20 वर्षीय सुधीर का पिछले करीब चार वर्षों से अपने रिश्ते की भाभी के साथ प्रेम संबंध था। महिला शादीशुदा है और चार बच्चों की मां भी है। बताया जा रहा है कि भाभी अपने देवर के साथ इस बात की जिद कर रही थी कि वह सिर्फ उसके साथ ही संबंध बनाए।
शादी को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि बीते 6 मई को सुधीर की शादी किसी दूसरी युवती से हो गई थी। युवक की शादी की खबर मिलते ही महिला नाराज हो गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया।
खेत में बुलाकर किया हमला
महिला ने अपने देवर और प्रेमी सुधीर को बातचीत के बहाने कुरसेली गांव के पास खेतों में बुलाया। वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने अचानक ब्लेड निकालकर युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और दर्द से तड़पता हुआ जान बचाने के लिए सड़क की तरफ भागा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला भी उसके पीछे-पीछे सड़क तक पहुंच गई, जहां दोनों के बीच काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
भीड़ जुटी तो महिला ने बदली कहानी
सड़क पर हंगामा होते देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। खुद को घिरता देख महिला ने भीड़ के सामने कहानी बदल दी। उसने आरोप लगाया कि वह बैंक जा रही थी और रास्ते में सुधीर ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसके बचाव में उसने हमला किया।
अस्पताल में एडमिट हुआ युवक
हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक के प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोट आई है, जिसकी वजह से उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
Location : Hardoi
Published : 11 May 2026, 8:49 AM IST