हिंदी
नदी पार कर रहे विधायक नरेश प्रसाद सिंह (Img : Social Media)
Palamu: जिले में एक विधायक को नदी पार करने के लिए ऐसा तरीका अपनाना पड़ा कि बीच धारा में उनकी फजीहत हो गई। धार्मिक सम्मेलन में शामिल होने जा रहे विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर धुरिया नदी पार कर रहे थे। तभी बीच नदी में ग्रामीण का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में जा गिरे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, विधायक नरेश प्रसाद सिंह को पलामू के घासीदाग पंचायत में आयोजित एक धार्मिक सम्मेलन में शामिल होना था। गांव पहुंचने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी। नदी में पानी होने के कारण विधायक ने खुद पैदल नदी पार करने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठने का फैसला किया।
ग्रामीण उन्हें कंधे पर लेकर नदी पार कर रहा था। इसी दौरान नदी की धारा में उसके कदम लड़खड़ा गए और संतुलन बिगड़ने से विधायक और ग्रामीण दोनों पानी में गिर पड़े। हालांकि, नदी में पानी घुटने तक ही बताया जा रहा है। ऐसे में हादसे में किसी को गंभीर चोट लगने की जानकारी नहीं है।
Terrorist Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF Camp आतंकी हमला, तीन जवान घायल
घटना के बाद घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने विधायक के इस तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करना सामंती मानसिकता को दर्शाता है। मुखिया ने बताया कि गांव में पुल नहीं होने के कारण ग्रामीण लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी समस्या पर अब तक गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घासीदाग पंचायत बारिश के मौसम में मुख्य मार्ग से कट जाता है। चारों तरफ नदियों से घिरे इस इलाके में धुरिया नदी पर पुल नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। हालात ऐसे हैं कि बारिश के दिनों में ग्रामीणों के लिए अस्पताल पहुंचना भी चुनौती बन जाता है। लोग लंबे समय से नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं।
Location : Palamu
Published : 11 November 2026, 4:06 PM IST