बस्ती में बंद कमरे से बच्चे का शव बरामद, मां गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, परिजनों में सनसनी

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरदी गांव में घर के अंदर 6 वर्षीय बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चे की मां गंभीर हालत में घायल मिलीं, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Updated : 15 May 2026, 9:08 AM IST
google-preferred

Basti: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरदी गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी संदीप सिंह के छह वर्षीय बेटे प्रभव सिंह का शव घर के अंदर मिला, जबकि उसकी मां कीर्ति सिंह गंभीर हालत में घायल अवस्था में पाई गईं। पुलिस ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद गांव में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

बेटे के साथ घर के अंदर मौजूद थीं मां

जानकारी के अनुसार हरदी गांव निवासी संदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय श्याम सिंह की पत्नी कीर्ति सिंह शुक्रवार सुबह अपने छह वर्षीय बेटे प्रभव सिंह के साथ घर के अंदर मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि मां और बेटा दोनों कमरे में थे। इसी दौरान अचानक घर के भीतर से तेज चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ दिया।

अंदर का दृश्य देखकर लोग रह गए सन्न

कमरे के अंदर का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए। छह वर्षीय प्रभव सिंह का शव जमीन पर पड़ा हुआ था, जबकि उसकी मां कीर्ति सिंह गंभीर रूप से घायल हालत में मौजूद थीं। वह अपने बेटे के शव के पास रो रही थीं और चीख-पुकार कर रही थीं। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही दुबौला चौकी प्रभारी विवेकानंद तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ दिनेश कुमार यादव और कुंदन भी मौजूद रहे। पुलिस ने घायल कीर्ति सिंह को तत्काल डायल 112 की सहायता से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हर पहलू से जांच कर रही पुलिस

फिलहाल घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

प्रारंभिक चर्चा में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह ही कीर्ति सिंह का अपनी सास के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आने की बात कही है।

Location :  Basti

Published :  15 May 2026, 9:08 AM IST

Advertisement