हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान शुक्रवार को अमेठी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के सभी 9 मतदान केंद्रों पर कुल 88.35 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निष्पक्ष और व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत अमेठी में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।
उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET-2026 को निष्पक्ष, नकलविहीन और सकुशल संपन्न कराने के लिए झांसी जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिले में परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही, नकल या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों से लेकर बायोमेट्रिक उपस्थिति और सुरक्षा व्यवस्था तक, हर पहलू पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ की ओर से आयोजित होने वाली PET-2026 की लिखित परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो पालियों में संपन्न होगी। झांसी जनपद में इसके लिए कुल 37 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 15 हजार 697 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
सिद्धार्थनगर के जिला अस्पताल परिसर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला रात के समय का है, जब अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन गहरी नींद में थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाकर उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया और फरार हो गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, रात में अस्पताल परिसर में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण चोरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो मोबाइल गायब मिला। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल का कोई पता नहीं चल सका।
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर आज सुबह आठ बजे से नौ जिलों में मतदान शुरू हो गया। विधान परिषद की इस सीट पर कब्जा जमाने के लिए भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी मुकाबला है, जबकि शर्मा गुट समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। चुनाव मैदान में उतरे 17 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 47,700 शिक्षक मतदाता करेंगे। इसके लिए नौ जिलों में 105 मतदान बूथ बनाए गए हैं। शाम चार बजे तक बैलेट पेपर से मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में एक पीड़ित पत्नी का दर्द उस समय सामने आया जब गुरुवार को वह एसएसपी कार्यालय पर आलाधिकारियों से अपने पति की शिकायत करने पहुंची थी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए पीड़ित पत्नी शीबा ने बताया कि वह भोपा थाना क्षेत्र के युसुफपुर गांव की रहने वाली है और 15 दिसंबर 2025 को खालापार थान क्षेत्र के सुजडू गांव निवासी आसिफ से उसका निकाह उसकी बहन हिना और जीजा हसन ने कराया था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से आज तक उसके पति आसिफ और उसके बीच कोई शारीरिक संबंध नहीं है।
लखनऊ खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले में मतदान प्रक्रिया पूरी सुरक्षा और शांति के साथ जारी है। जिलेभर में बनाए गए कुल 38 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया था, जो दोपहर होते-होते लंबी कतारों में तब्दील हो गया। इस हाई-प्रोफाइल चुनाव में प्रतापगढ़ जिले के कुल 39,392 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय कर रहे हैं। चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-34 (NH-34) पर कुछेछा के पास एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। व्यस्त मार्ग पर एक व्यक्ति बीच सड़क पर पूरी तरह बेखौफ होकर खुलेआम पेशाब करता हुआ दिखाई दिया। इस व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले राहगीरों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। सार्वजनिक स्थान और मुख्य सड़क पर इस तरह की ओछी हरकत ने स्वच्छता अभियानों की पोल खोल दी है और सामाजिक मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
वाराणसी में एयर शो को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नमो घाट पर होने वाले आयोजन के दौरान किसी भी तरह की चूक रोकने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 11,900 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जानकारी सामने आई है। वहीं, नमो घाट के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे में ड्रोन और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। एयर शो के दौरान हवाई सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नमो घाट के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे को अस्थायी रेड जोन बनाया गया है।
मैनपुरी में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के बीच पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 11 सीटें एकतरफा जीतने जा रही है। मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतारों, वोट पहले ही पड़ जाने की शिकायतों और आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर पूछे गए सवालों पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। वहीं, समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार पहले ही स्वीकार कर चुका है।
उत्तर प्रदेश में शिक्षक एमएलसी चुनाव के बीच आजमगढ़ में एक कार से 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कार से चुनाव प्रचार से जुड़ी सामग्री भी मिली है। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर अविनाश गौतम के नेतृत्व में फ्लाइंग स्क्वाड की टीम ने वाहन की तलाशी ली। पुलिस ने नकदी का हिसाब नहीं दे पाने पर कार सवार चार लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी मानुष पारिख के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार से नकदी लेकर दौलतपुर पुलिया के रास्ते जा रहे हैं। आशंका जताई गई कि इस रकम का इस्तेमाल शिक्षक एमएलसी चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।
देवरिया में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में देवरिया जनपद में मतदान तेज़ी से जारी है। दोपहर 12 बजे तक 47% मतदान दर्ज किया गया है। जिले के सभी 16 मतदान केंद्रों पर शिक्षक मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात हैं।
मैनपुरी के सदर ब्लॉक में बने शिक्षक एमएलसी चुनाव के पोलिंग बूथ पर एक गड़बड़ी का मामला सामने आया है जहां पर एक मतदाता द्वारा बताया गया है उसके पहुंचने से पहले ही उसका वोट डाल दिया गया है तो वहीं इस संबंध में मतदाता ने चुनाव में प्रशासन पर गड़बड़ी करने का भी आरोप लगाया है। मतदाता राजकिशोर ने बताया है कि जब मैं पोलिंग बूथ पर वोट डालने गया तो वहां पर अधिकारियों ने बताया कि आपका वोट पड़ चुका है जब राजकिशोर ने पीठासीन अधिकारी से कहा कि मैं तो अभी आया हूं मेरा वोट कैसे पड़ गया तो पीठासीन अधिकारी ने बताया है कि शाम को 4:00 बजे के बाद आओ उसके बाद देखते हैं।
मैनपुरी में शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के बीच पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 11 सीटें एकतरफा जीतने जा रही है। मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतारों, वोट पहले ही पड़ जाने की शिकायतों और आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर पूछे गए सवालों पर भी मंत्री ने अपनी बात रखी। वहीं, समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी हार पहले ही स्वीकार कर चुका है।
मेरठ सहारनपुर खंड शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान मुजफ्फरनगर जनपद में शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब मंत्री कपिल देव अग्रवाल नगर के डीएवी कॉलेज मतदान स्थल पर अपनी वोट डालने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान समाजवादी पार्टी के मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष जिया चौधरी के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने ये कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ वोट डालने मतदान केंद्र में जा रहे हैं हंगामे के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जब कहा कि वह अपनी वो डालने जा रहे थे ओर वह चीफ इलेक्शन एजेंट भी है बस इसी बात पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और बिफर गए।
सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा-बखरिहवां मार्ग पर निमहवा पहरी के पास वृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने 21 वर्षीय धानू को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके 18 वर्षीय भांजे राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, नधिरा के सवाकुंड निवासी विनोद कुमार का पुत्र धानू अपने भांजे राहुल पुत्र गोला निवासी अंजानी को बाइक से छोड़ने जा रहा था।
फतेहपुर में बिंदकी (फतेहपुर)। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गई गांव में गुरुवार देर रात देशी शराब के ठेके पर सो रहे सेल्समैन सतेंद्र सिंह की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया। वारदात के बाद ठेके की चाबी निकालकर उसमें रखे रुपये ले जाने की बात भी सामने आई है। शुरुआती सूचना में तीन लाख रुपये की लूट का आरोप लगाया गया, जबकि पुलिस की जांच में ठेके से करीब पांच से छह हजार रुपये कम मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।
हमीरपुर में प्रयागराज झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से जिले में मतदान शुरू हो गया। जिले के 18 मतदान केंद्रों पर कुल 15,480 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आठ सेक्टर मजिस्ट्रेट, चार जोनल मजिस्ट्रेट और चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के कबाड़ी मार्केट इलाके में दबंगों का तांडव देखने को मिला, जहां दबंगों ने एक युवक को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा। इस हिंसक झड़प और मारपीट के दौरान चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस जब आरोपियों को हिरासत में लेने लगी, तो वहां मौजूद महिलाएं पुलिस से भिड़ गईं। पुलिस और महिलाओं के बीच तीखी खींचतान और धक्का-मुक्की का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बढ़ते विरोध और हंगामे के बीच पुलिस बिना आरोपियों को पकड़े ही मौके से वापस लौटने पर मजबूर हो गई।
आगरा मेंं समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने चर्च रोड स्थित सेंट जॉन्स गर्ल्स इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और आगरा पुलिस प्रशासन पर चुनाव को प्रभावित करने का गंभीर आरोप लगाया। सांसद सुमन ने कहा कि सरकार सरकारी तंत्र का खुला दुरुपयोग कर रही है और सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल द्वारा लगाए गए आरोप बिल्कुल सही हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के पलटवार पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे दोनों सपा प्रत्याशी भारी मतों से जीत दर्ज कर रहे हैं, जिससे सत्ता पक्ष आहत है।
कोल्हुई कस्बे स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार की सुबह मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) नवनाथ प्रसाद अचानक पहुंच गए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में हलचल देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्र में दवाओं के रखरखाव, टीकाकरण की व्यवस्था और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही कर्मचारियों की समय से ड्यूटी पर पहुंचने की व्यवस्था को भी निरीक्षण के दायरे में रखा गया, ताकि मरीजों को समय से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
सुल्तानपुर में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए शुक्रवार को सुल्तानपुर जिले में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय में सरकारी विभागों के बजट से बने भवनों को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द जब्त करेगा। ईडी ने इस प्रकरण की जांच तकरीबन पूरी कर ली है जिसके बाद विश्वविद्यालय के 38 भवनों पर कार्रवाई की तलवार लटकने लगी है। ईडी पूर्व मंत्री आजम खां के करीबी अनवर से शुक्रवार को पूछताछ भी करेगा। उस पर डमी फर्म ए एंड एस एसोसिट्स बनाकर विश्वविद्यालय के भवनों के निर्माण के लिए मिली रकम को चंदे के रूप में जौहर ट्रस्ट को देने का आरोप है। बता दें कि ईडी ने इस प्रकरण में पूर्व मंत्री आजम खां समेत कई आरोपियों के खिलाफ रामपुर में एक और एफआईआर दर्ज कराई थी जिसमें सरकारी विभागों के धन से जौहर विश्वविद्यालय के भवनों का निर्माण कार्य कराने और जौहर ट्रस्ट को चंदा देने के आरोप लगाए गए थे।
फतेहपुर में एमएलसी चुनाव की वोटिंग के दौरान समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। खागा तहसील के विजयीपुर विकास खंड में मतदान के दौरान किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। विवाद सपा नेता नरेश कोरी और विजयीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता आदित्य त्रिवेंद्र व उनके समर्थकों के बीच हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया गया है। फिलहाल, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है।
आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट से सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन और प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात कांग्रेस के शासनकाल में लगे आपातकाल से भी बदतर हैं। आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के इशारे पर प्रशासनिक मशीनरी एजेंट की तरह काम कर रही है और उनके मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है जैसे वे पाकिस्तान से आए हों और मतदाता आतंकवादी हों। सपा प्रत्याशी ने सीधे तौर पर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए हैं।
फर्रुखाबाद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जनपद में मतदान प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कमालगंज स्थित एमएलसी मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हमीरपुर जनपद में प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिले भर में 18 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखते हुए कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में वोटिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही 8 सेक्टर, 4 जोनल और 4 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला सपा के डॉ. मानसिंह यादव और भाजपा के अशोक कुमार राठौर के बीच है, जबकि 11 निर्दलीय प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
शिक्षक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान फरेंदा ब्लॉक में समाजवादी पार्टी के नेताओं की गैरमौजूदगी स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बनी रही। ब्लॉक प्रमुख राम प्रकाश सिंह के अलावा समाजवादी पार्टी का कोई अन्य नेता मतदान केंद्र पर नजर नहीं आया। इसे लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में पार्टी की सक्रियता और आपसी एकजुटता को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। शुक्रवार सुबह आठ बजे फरेंदा ब्लॉक में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान शुरू हुआ। यहां कुल 402 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
गोरखपुर में सपा प्रत्याशी से भाजपा समर्थकों की नोकझाेंक हो गई। भाजपा मंडल प्रभारी आशीष गुप्ता ने परिसर के अंदर सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के बाइट देने का विरोध किया। इसी को लेकर दोनों पक्षों में झड़प हो गई। समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने आज सैफई में ग्रेजुएट्स MLC चुनाव के लिए अपना वोट डाला। उन्होंने कहा, "आगरा, मुरादाबाद और अलीगढ़ की तरह ही, इटावा में भी समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल है। ग्रेजुएट्स और टीचर्स, दोनों ही निर्वाचन क्षेत्रों से हमारे उम्मीदवार मैदान में हैं।"
अमेठी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर पुलिस चौकी से सौ मीटर दूर सड़क हादसे में बृहस्पति वार को अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।अज्ञात वाहन चालक टक्कर मार कर फरार हो गया।दोनो युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को मामले की सूचना देकर शवों का पंचनामा करवा कर पीएम हेतु भेज दिया।अभी तक अज्ञात वाहन का सुराग नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर कादूनाला चौकी से करीब 100 मीटर आगे बीती रात सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।
कासगंज में एमएलसी चुनाव में शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होते ही मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई। हालांकि, शुरुआती आंकड़ों में मतदान की रफ्तार धीमी नजर आई। जिले में उपलब्ध बूथवार सूची के अनुसार अब तक 686 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। इनमें 581 पुरुष और 105 महिलाएं शामिल हैं। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन के लिए जिले में कुल 11,216 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,925 स्नातक और 1,291 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। इस हिसाब से दर्ज आंकड़ों के अनुसार कुल मतदान करीब 6.11 प्रतिशत रहा।जिले में मतदान के लिए 20 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सुबह 10 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम चार बजे तक चलेगी।
चंदौली के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के लिए जनपद में मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। इस चुनाव में स्नातक निर्वाचन के 27,196 और शिक्षक निर्वाचन के 3,015 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए जिले में 10 मतदान केंद्रों के 36 मतदान स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के तहत 5 जोन और 10 सेक्टर बनाए गए हैं, जहां भारी पुलिस बल तैनात है। डीएम चंद्र मोहन गर्ग और एसपी आकाश पटेल लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में कादूनाला चौकी के पास शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव निवासी रोहित उर्फ खूनखून (25) और अटहरा गांव निवासी बृजेश उर्फ ग्लोस (22) की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालक और वाहन की तलाश करने के साथ मामले में कार्रवाई में जुटी है। पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हाथरस के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनाव के लिए शुक्रवार को हाथरस में मतदान जारी है। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदेय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। केंद्रों के आसपास प्रत्याशियों के समर्थकों ने तंबू लगाए हैं। मतदान के बीच मतदाताओं से बातचीत कर चुनाव, प्रत्याशियों और उनकी अपेक्षाओं को लेकर राय जानी गई। एक निजी शिक्षिका मतदाता मीनाक्षी सिंह ने कहा कि वह मतदान करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके लिए काफी कुछ किया है और इसी भरोसे के साथ वह भाजपा के पक्ष में मतदान करने आई हैं।
बलिया में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित तौर पर एक युवक द्वारा मुंह में ज्वलनशील पदार्थ भरकर एक विशेष समुदाय के झंडे को जलाने का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो सामने आने के बाद गड़वार थाने में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। मामले में तहरीर मिलने के बाद गड़वार थाने पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र का पर्व मनाया जा रहा है। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जनपद फर्रुखाबाद में मतदान की प्रक्रिया जारी है। हमारी डायनामाइट न्यूज़ की टीम भी मतदान केंद्र पर मौजूद है और चुनाव से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी आप तक पहुंचा रही है। आपको बताते चलें कि जनपद फर्रुखाबाद में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 30 बूथों पर मतदान कराया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 8,622 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बांदा जनपद में प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिले भर में 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को सुचारू रूप से चलाने के लिए 14 सेक्टर, 5 जोनल और 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। शाम 4 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी। इस चुनावी मैदान में मुख्य मुकाबला सपा के डॉ. मानसिंह यादव और भाजपा के अशोक कुमार राठौर के बीच है, साथ ही कई निर्दलीय प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं।
फर्रुखाबाद जनपद में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है, जिसमें मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 11 मतदान केंद्रों पर 30 बूथ बनाए गए हैं। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से स्नातक पद के लिए शशांक यादव उर्फ सीटू और शिक्षक पद के लिए डॉ. आकाश अग्रवाल मैदान में हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की तरफ से स्नातक प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और शिक्षक प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
चंदौली से सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा आयोजित राम कथा में शामिल होने पहुंचे पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में राम कथा के आयोजनों का प्रचलन काफी बढ़ा है। ओदरा गांव के दसवीं तालाब पर चल रही कथा में उन्होंने सनातन परंपरा को विश्व कल्याण और आपसी सद्भाव का संदेश देने वाला बताया। साथ ही, विशेश्वर धाम के भव्य मंदिर और तालाब के विकास मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने की बात कही। आगामी विधानसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार है और सरकार चलती रहेगी।
कासगंज के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 20 मतदेय स्थलों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। स्नातक सीट पर भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं, जबकि शिक्षक सीट पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में आज का मतदान प्रत्याशियों के साथ दोनों प्रमुख दलों की सियासी ताकत का भी इम्तिहान है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार सुबह आठ बजे फरेंदा ब्लॉक में मतदान शुरू हो गया। मतदान के लिए कुल 402 मतदाता निर्धारित हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए हैं। मतदान शुरू होने से पहले ही निर्वाचन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सुबह आठ बजे निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। मतदान केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में चुनाव कराया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मतदान केंद्र पर मुस्तैद रहकर व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के सभी 72 जनपदों में मतदान कराया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव मैदान में कुल 152 प्रत्याशी हैं।
कासगंज मनरेगा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। पटियाली विकास खंड की पांच ग्राम पंचायतों में कराए गए सात विकास कार्यों की जांच में 12.43 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितताएं पकड़ी गई हैं। कहीं नाला और बाउंड्रीवाल मौके पर नहीं मिले तो कहीं इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कागजों में ही सिमटा मिला। एक मामले में खड़ंजे के निर्माण के लिए जरूरत से अधिक ईंटों का भुगतान किया गया, जबकि संबंधित कार्य अधूरा मिला। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जिम्मेदार ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और तकनीकी अधिकारियों-कर्मचारियों से समानुपातिक रूप से धनराशि की वसूली के आदेश दिए हैं।
देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के नरायनपुर तिवारी गांव में मारपीट और अवैध असलहे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, युवक के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस, एक चाकू और एक पंच बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नरायनपुर तिवारी निवासी अजय चौहान ने यूपी-112 के माध्यम से सूचना दी थी कि कुशीनगर निवासी मुकेश चौहान अपने भाई और अन्य दोस्तों के साथ गांव में आकर मारपीट कर रहा है।
Location : Lucknow
Published : 23 October 2026, 11:46 AM IST
Topics : UP Live Blog UP Breaking News UP Crime News Uttar Pradesh Latest Updates Uttar Pradesh News