माफी मांगने को कहा तो भड़का छात्र… शिक्षक को दिया धक्का, पुलिसकर्मियों पर हमला और चौकी फूंकने की धमकी से मचा हड़कंप

बरेली में एक छात्र की हरकत ने पुलिस चौकी में अचानक हंगामा खड़ा कर दिया। शिक्षक और शिक्षिका से जुड़े विवाद में समझौते के बाद जब छात्र से माफी मांगने को कहा गया तो वह गुस्से में आ गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 July 2026, 2:28 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली जिले के बहेड़ी क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया, जहां एक छात्र से शिक्षक से माफी मांगने की बात कहने पर विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस चौकी में हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि छात्र ने न सिर्फ शिक्षक के साथ बदसलूकी की, बल्कि पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

चौकी फूंकने की धमकी की बात सामने आने के बाद सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

शिक्षक और शिक्षिका से अभद्रता का आरोप

मामला बहेड़ी तहसील क्षेत्र के मानपुर गांव स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय का है। पुलिस के अनुसार, स्कूल में कक्षा आठ का एक छात्र आए दिन शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करता था। स्कूल प्रशासन ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि इसके बाद छात्र अपने दो साथियों के साथ गांव की पुलिया के पास पहुंचा। वहां एक साथी ने शिक्षक के साथ मारपीट की, जबकि बस का इंतजार कर रही एक शिक्षिका से छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया गया।

ये भी पढ़ें- यूपी में एक और पति की हत्या: रात में मारा, सुबह होते ही कर दी घर की लिपाई; पत्नी की चालाकी पर भारी पड़ा एक सबूत

चौकी में बुलाया गया था समझौते के लिए

घटना के बाद शिक्षक ने नारायण नगला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले को शांत कराने के लिए चौकी प्रभारी अंकित बघेल ने शिक्षक और छात्र के साथी संजय के बीच समझौता कराया। इसी दौरान पुलिस ने छात्र से अपनी गलती मानते हुए शिक्षक से माफी मांगने को कहा। लेकिन आरोप है कि छात्र माफी मांगने के बजाय अचानक गुस्से में आ गया और उसने शिक्षक को धक्का दे दिया।

पुलिसकर्मियों से भी उलझा छात्र

मामला यहीं नहीं रुका। आरोप है कि छात्र ने चौकी में मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की और हमला करने की कोशिश की। इसी बीच किसी ने चौकी फूंकने की बात कह दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी।

ये भी पढ़ें- अब आसानी से नहीं मिल रहा वीआईपी पास… राम मंदिर दर्शन व्यवस्था में आई परेशानी, जानें क्या है नई व्यवस्था?

मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस

जानकारी मिलते ही सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया। मौके से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। वहीं छात्र और उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस ने उनई मकरूका गांव में दबिश दी।

सरकारी काम में बाधा समेत धाराओं में केस दर्ज

सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पर हमला करने वाले युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

Location :  Bareilly

Published :  26 July 2026, 2:28 PM IST

Related News

Advertisement