बरेली में मानवता हुई शर्मसार, नवजात बच्ची का शव देख दहल उठे लोग

बरेली में किला नदी के किनारे एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक नवजात बच्ची का शव नदी में मिला जिसकी हालत देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 16 September 2026, 10:44 PM IST
google-preferred

Bareilly: जिले के किला क्षेत्र में लीची बाग के पास बुधवार को किला नदी में एक नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पानी में तैर रहा था। स्थानीय लोगों ने उसे देखकर बाहर निकाला और प्लास्टिक के बोरे पर रखकर पुलिस को सूचना दी। पानी में पड़े रहने के कारण शव काफी खराब हो चुका था और उसके कई अंगों को मछलियां खा चुकी थीं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

एक पैर और दोनों हाथों के पंजे जख्मी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नवजात का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था, जबकि दोनों हाथों के पंजे भी नहीं थे। आशंका है कि लंबे समय तक पानी में पड़े रहने के कारण मछलियों या अन्य जलीय जीवों ने शरीर को नुकसान पहुंचाया। शव फूला हुआ था, जिससे उसके कुछ दिन पुराना होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बच्ची की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सामने आएगी।

 जांच में खुलेगा राज

नवजात बच्ची का शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को जन्म के बाद नदी में फेंका गया हो सकता है। वहीं, उसके मृत पैदा होने और बाद में शव नदी में बहाए जाने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है। बच्ची होने के कारण हत्या किए जाने की चर्चा भी स्थानीय स्तर पर है, लेकिन इसकी अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

UP News LIVE: बरेली में शादी के पांच महीने बाद विवाहिता की मौत, एक क्लिक में पढ़ें उत्तर प्रदेश की हर बड़ी खबर

नदी के बहाव के साथ आने की भी संभावना

पुलिस के मुताबिक इन दिनों किला नदी में पानी बढ़ा हुआ है। ऐसे में यह भी संभव है कि शव किसी दूसरी जगह से बहकर लीची बाग के पास पहुंचा हो। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात को आसपास ही फेंका गया था या शव पानी के बहाव के साथ यहां आया।

सुबह पूजा करने पहुंची तो मंदिर में टूटी मिली हनुमान जी की मूर्ति, रायबरेली में मचा हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

मामले में पुलिस का बयान 

सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने के निर्देश दिए गए हैं। इसके जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हाल के दिनों में किसी संदिग्ध व्यक्ति ने नदी या नाले के आसपास कोई बोरा अथवा शव फेंका था या नहीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही नवजात की मौत और शव नदी तक पहुंचने की वास्तविक कहानी स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Bareilly

Published :  16 September 2026, 10:40 PM IST

Advertisement